MP: मंत्रालय से इकबाल सिंह बैंस की हुई विदाई, आनंद विभाग को बताई अपनी प्रमुख उपलब्धि

बैंस ने बिना किसी तनाव और दबाव के सारे काम पूरे किए। कोविड के दौरान भी उन्होंने बेहतर काम कर दिखाया। सीएम राइज स्कूल, सिटीजन चार्टर और आनंद विभाग उनकी बेहतर उपलब्धियां रहीं: सीएम शिवराज

Updated: Nov 30, 2023, 04:30 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के सबसे विवादित मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस की गुरुवार को मंत्रालय से विदाई हुई। कैबिनेट बैठक के दौरान उन्हें औपचारिक विदाई दी गई और नई मुख्य सचिव वीरा राणा ने पदभार ग्रहण किया। बैंस के विदाई भाषण में सीएम चौहान ने कहा कि उन्होंने बिना किसी तनाव और दबाव के सारे काम पूरे किए।

दरअसल, शिवराज सरकार के वर्तमान कार्यकाल की अंतिम कैबिनेट बैठक गुरुवार को मंत्रालय में हुई। इसी दौरान बैंस का विदाई कार्यक्रम भी रखा गया था। इकबाल सिंह बैंस ने इस दौरान कहा कि हमें पूरा समर्थन मिला और पूरी क्षमता के साथ काम किया। यह एक पड़ाव है कोई अंत नहीं। हम काम करते रहेंगे और सक्रियता भी बनी रहेगी। आनंद विभाग को उन्होंने अपनी प्रमुख उपलब्धि बताया। 

यह भी पढ़ें: खनन माफियाओं के सामने सत्ता असहाय हो गई है, मतगणना से पहले उमा भारती ने CM शिवराज पर साधा निशाना

इस अवसर पर उपस्थित मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्होंने कभी किसी काम के लिए मना नहीं किया। अधिकारी दो तरह के होते हैं एक जो सीधे मना करते हैं और दूसरे वह जो रास्ता निकालते हैं। बैंस इसी में से एक हैं। मेरे साथ उनका लंबा अनुभव रहा है। कोरोना काल के समय हिम्मत से काम किया और दिन रात व्यवस्थाओं में जुटे रहे। हमने जो भी निर्णय लिए, उन्हें खामोशी से क्रियान्वित करवाया। जो भी काम उन्हें सौंपे गए, उन्होंने बिना किसी तनाव और दबाव के पूरे किए।

बता दें कि 6-6 महीने के 2 बार मिले एक्सटेंशन के बाद बैंस का कार्यकाल 30 नवंबर को पूरा हो गया। बैंस का कार्यकाल काफी विवादों में रहा। विपक्षी दलों ने बैंस पर लगाकर भाजपा के एजेंट की तरह काम करने के आरोप लगाए। उन्हें। एक्सटेंशन देने के फैसले का भी काफी विरोध हुआ था।