गन्ना कटाई करने महाराष्ट्र गए थे MP के मजदूर, ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से पांच की मौत

मृतकों में 2 बच्चे और 3 महिलाएं शामिल है। सभी लोग बड़वानी जिले के निवासी हैं। 2 महीने पहले गन्ना कटाई के लिए आए थे सोलापुर।

Updated: Dec 14, 2022, 10:36 AM IST

बड़वानी/पंढरपुर। महाराष्ट्र के पंढरपुर में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से मध्य प्रदेश के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा महाराष्ट्र की पंढरपुर तहसील में बीती रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। मृतकों में 2 बच्चे और 3 महिलाएं शामिल है। सभी बड़वानी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

हादसे में बाल-बाल बचे सुनील गंगाराम ने बताया कि वे सेंधवा क्षेत्र में कोलकी पंचायत के रहने वाले हैं। सभी 2 महीने पहले गन्ना कटाई के लिए आए थे। रोज की तरह गन्ना कटाई के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहे थे। ट्रॉली में करीब 50 लोग सवार थे। घटनास्थल से करीब 2KM पहले 35 लोग ट्रॉली से उतर चुके थे। बाकी 15 लोगों को छोड़ने के लिए ट्रैक्टर आगे जा रहा था। इनमें से भी 3 लोग घटनास्थल से ठीक पहले उतर गए। 

यह भी पढ़ें: कमलनाथ ने चुनावी वादों की लगाई झड़ी, अब प्रत्येक ग्राम पंचायत में गौशाला निर्माण का किया ऐलान

बारिश होने की वजह से सड़क पर कीचड़ और पानी जमा था, जिससे अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली में 12 महिला-पुरुष और बच्चे सवार थे। हादसे के बाद घायल दर्द से कराहने लगे, जिसे सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और घायलों को ट्रॉली से निकाला। इसमें से 2 बच्चों और 3 महिलाओं की मौत हो गई थी। परिजनों ने सरकार से मृतकों को मुआवजा दिलाने और मृतकों के शव को गांव लाने की मांग की है।

इस हादसे की खबर गांव में फैलते ही शोक पसर गया है। पूर्व मंत्री अंतरसिंह आर्य ने घटना पर शोक जताते हुए श्रमिकों के स्वजनों की हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया है। वहीं ग्रामीणों ने सरकार से मृतकों को मुआवजा दिलाने और मृतकों के शव को गांव लाने की मांग की। पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी राज्य सरकार से पीड़ित परिवारों को अविलंब हरसंभव सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है।