धोनी ने IPL से लिया संन्यास, CSK ने बनाया मेंटर, अब खिलाड़ियों के साथ अनुभव साझा करेंगे कैप्टन कूल
महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल से खिलाड़ी के रूप में संन्यास ले लिया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उन्हें टीम का नया मेंटर नियुक्त किया है।
महेंद्र सिंह धोनी अब IPL में खिलाड़ी के तौर पर नजर नहीं आएंगे। उन्होंने IPL से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मंगलवार को उन्हें टीम का मेंटर नियुक्त किया है। इस फैसले के साथ ही IPL में धोनी का 19 साल का खिलाड़ी के रूप में सफर खत्म हो गया। फ्रेंचाइजी ने रिटेंशन और रिलीज खिलाड़ियों की सूची जारी करने से करीब तीन घंटे पहले यह घोषणा की।
धोनी साल 2008 में IPL की शुरुआत से ही चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे हैं। उनकी अगुआई में CSK ने पांच बार IPL ट्रॉफी अपने नाम की है। इसके अलावा टीम ने दो बार चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी जीता है। कप्तान के रूप में धोनी ने चेन्नई को IPL की सबसे सफल टीमों में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई है।
यह भी पढ़ें:26 नवंबर को भोपाल में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की तैयारी
CSK के मालिक एन. श्रीनिवासन ने धोनी की नियुक्ति पर कहा कि उनके बिना चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना करना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि करीब 20 साल पहले धोनी को टीम में शामिल करने का फैसला उन्होंने ही लिया था और यह उनके सबसे अच्छे फैसलों में से एक साबित हुआ। श्रीनिवासन के मुताबिक, धोनी हमेशा CSK की पहचान रहेंगे और टीम उनका घर बनी रहेगी।
धोनी IPL 2026 में चोट की वजह से मैदान पर नहीं उतर सके थे। इससे पहले 2025 के सीजन में उन्होंने 14 मुकाबले खेले और 196 रन बनाए थे। अब खिलाड़ी के रूप में IPL से विदाई के बाद वे मेंटर की भूमिका में टीम के साथ जुड़े रहेंगे और युवा खिलाड़ियों को अपने अनुभव से मार्गदर्शन देंगे।
धोनी का IPL करियर आंकड़ों के लिहाज से भी शानदार रहा है। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 5,439 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट 137.45 रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 272 मैचों में 5,314 रन बनाए हैं। टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में वे दूसरे नंबर पर हैं। उनसे आगे सिर्फ सुरेश रैना हैं। धोनी ने अपने IPL करियर में मुख्य रूप से फिनिशर की भूमिका निभाई है। दबाव के समय मैच का रुख बदलने और आखिरी ओवरों में टीम को जीत तक पहुंचाने की उनकी क्षमता ने उन्हें अलग पहचान दिलाई है।
यह भी पढ़ें:CG: बदहाल शिक्षा व्यवस्था पर फूटा Gen Z छात्रों का गुस्सा, 8 किमी पैदल चलकर बीईओ से मिलने पहुंचे
धोनी ने CSK के साथ कुल 17 सीजन बिताए हैं। हालांकि, 2016 और 2017 में चेन्नई की टीम पर प्रतिबंध लगने के कारण उन्हें राइजिंग पुणे सुपरजायंट की ओर से खेलना पड़ा था। इसके बाद CSK की वापसी पर वे फिर चेन्नई से जुड़ गए थे। फ्रेंचाइजी की मालिक रूपा गुरुनाथ ने भी धोनी के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि धोनी जैसा खिलाड़ी जिंदगी में एक बार आता है। उन्होंने शुरुआत से टीम के साथ रहकर CSK की नींव मजबूत की। उनकी कप्तानी, सादगी और अनुभव हमेशा टीम के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। रूपा गुरुनाथ के मुताबिक, मेंटर के रूप में धोनी युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।




