MP के डॉ मुनीश्वर चंद्र डावर को मिला पद्मश्री, सिर्फ 20 रुपए में करते हैं मरीजों का इलाज

डॉक्टर मुनिश्वर चंदर डावर ने रिटायर होने के बाद ‘डावर की दवा’ नाम से जबलपुर में एक क्लिनिक खोली, जहां वह महज 20 रुपये की फीस में लोगों का इलाज करते हैं।

Updated: Jan 26, 2023, 05:06 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहने वाले 77 साल के डॉ मुनीश्वर चंद्र डावर को देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्मश्री के लिए चुना गया है। डॉ डावर जबलपुर में सिर्फ 20 रुपये में लोगों का इलाज करते हैं। वे रोजाना करीब 200 मरीजों को देखते हैं और उनका उपचार करते हैं।

पद्मश्री सम्मान के लिए चुने गए सेना से रिटायर जबलपुर के डॉक्टर कैप्टन मुनीश्वर चंद्र डावर इस उम्र में भी मानवता की सेवा में लगे हैं। डॉक्टर डावर ने सेना से रिटायर होने के बाद ‘डावर की दवा’ नाम से जबलपुर में एक क्लिनिक खोली, जहां वह महज 20 रुपये की फीस में लोगों का इलाज करते हैं।

77 वर्षीय डॉ डावर बताते हैं कि बताते हैं कि उन्होंने 1986 में 2रुपए फीस लेना शुरू की थी जिसे बाद में 3 रु और फिर 1997 में 5 रु , उसके 15 साल बाद 2012 में 10 रु और अब महज 20रु फीस ले रहे हैं। हालांकि फीस को लेकर यह रियायत भी है कि जिनके पास पैसे नहीं हैं वो फीस दिए बगैर ही इलाज करा सकते हैं। लोग उनकी क्लिनिक में आते हैं और टेबल पर अपने मन से फीस रख देते हैं।

यह भी पढ़ें: MP की बैगा चित्रकार जोधइया बाई को पद्मश्री, विलुप्त होती बैगा चित्रकला को दिलाई नई पहचान

पद्म श्री से सम्मानित होने वाले डॉक्टर डावर सेना में नौकरी के दौरान कई मोर्चे पर भी रहे. साल 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ जंग में भी वह शामिल रहे हैं। जंग के वक्त वह सैनिकों के साथ सीमा पर डटे हुए थे और उनका इलाज करते रहे। 

इतना ही नहीं वे नशामुक्ति अभियान भी चलाते हैं। क्लिनिक में इलाज के लिए आने वाले लोगों को तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट और शराब छुड़वाने की कोशिश करते हैं। साथ ही ऐसे लोगों के फोन पर नशामुक्ति को लेकर वॉल पेपर तक लगवाते हैं। पद्मश्री सम्मान के बारे में डॉक्टर डावर का कहना है कि सम्मान मिलने से प्रोत्साहन मिलता है। जीवन में इस तरह के प्रोत्साहन नई ऊर्जा देते हैं।

डॉक्टर डाबर को पद्मश्री के लिए चुने जाने की खबर लगते ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी उन्हें बधाई दी। गणतंत्र दिवस समारोह के मौके पर डॉ डावर को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा सरकार देश में चुन चुन कर ऐसी प्रतिभाओं को सम्मानित कर रही है जो समाज के लिए अपना जीवन समर्पित कर चुके हैं।