मोदी हिंदू नहीं, मां की मौत पर बाल-दाढ़ी नहीं बनवाया, INDIA की रैली में गरजे लालू यादव

प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए लालू यादव ने कहा कि मोदी ने कहा था कि सबके खाते में 15-15 लाख रुपए आएगे। मैंने भी 7 बेटी, 2 बेटा, पति-पत्नी का खाता खुलवाया कि करोड़ों रुपया मिल जायेगा। लेकिन मोदी ने ठेंगा दिखा दिया।

Updated: Mar 03, 2024, 04:28 PM IST

पटना। बिहार की राजधानी पटना स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में आज महागठबंधन की जन विश्वास महारैली हुई। इस महारैली को राहुल गांधी, अखिलेश यादव, सीताराम येचुरी सहित महागठबंधन के कई दिग्गजों ने संबोधित किया। वहीं, आखिरी संबोधन आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव का हुआ जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर हमला बोला।

लालू यादव ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा, 'मोदी परिवारवाद पर बोलता हैं, उसके पास परिवार ही नहीं है। वो हिंदू नहीं है। हिंदू अपनी मां के देहावसान पर दाढ़ी-बाल बनवाता है। मोदी की माता जी का जब देहांत हुआ तो उसने बाल-दाढ़ी नहीं बनवाया। तुमने क्यों नहीं बाल बनवाया बताओ? देशभर में नफरत फैला रहे हो... राम रहीम के बंदों में नफरत फैला रहे हो। भगवान जी का प्राण प्रतिष्ठा कर रहा रहे हैं। बिना प्राण प्रतिष्ठा के अबतक भगवान जी थे क्या? बिहार के जनकपुर में ही रामचंद्र जी का शादी हुआ था।

लालू यादव ने कहा कि बिहार में एक से एक सुरमा पैदा हुए हैं। बिहार के इसी गांधी मैदान में न जाने कितने बार देशभर के नेताओं का सभा और मीटिंग हुआ और यहीं से देशभर में संदेश गया। बिहार का हवा में इतना दम है कि जो बिहार फैसला करता है वही देश के लोग अनुकरण करते हैं और कल यही होने वाला है। गांधी मैदान के इस रैली से मैं आह्वान करता हूं कि हमें भारतीय जनता पार्टी को नेस्तनाबूत करना है।

आरजेडी सुप्रीमो ने कहा कि हमें पिछड़े और दलितों के लिए मेहनत करना है। 1990 में लोकतंत्र में वोट के अधिकार से गरीब को दूर रखा जाता था। हमने गरीबों को ताकत दी। इसी गांधी मैदान में सभी छोटी-छोटी जातियों का सम्मेलन कराया। बिहार ही नहीं देशभर में गरीबों को अधिकार दिलाने के लिए मंडल कमीशन लागू कराया। जिसका नतीजा हुआ कि आज कोई बड़ा आदमी गरीबों को आंख नहीं दिखाता।

प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए लालू यादव ने कहा कि मोदी ने कहा था कि सबके खाते में 15-15 लाख रुपए आएंगे। मैंने भी 7 बेटी, 2 बेटा, पति-पत्नी का खाता खुलवाया कि करोड़ों रुपया मिल जायेगा। लेकिन मोदी ने ठेंगा दिखा दिया। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप, तेजस्वी को और मजबूत करना है।

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश को बर्बाद करने में मोदी जी लगे हैं। वो कहते हैं मोदी की गारंटी है। उनकी गारंटी क्या है, मैं बताता हूं-2014 में कहा था 2 करोड़ नौकरियां दूंगा.. क्या उन्होंने दिया, नहीं। मोदी कहते थे कि काला धन लाकर 15 लाख दूंगा, नहीं दिया। मोदी सिर्फ झूठ बोलते हैं।