मैच फिक्सिंग मामले में अमेरिकी क्रिकेटर अखिलेश रेड्डी पर एक्शन, ICC ने 8 साल के लिए बैन किया

आईसीसी (ICC) ने भ्रष्टाचार निरोधक नियमों के उल्लंघन में अमेरिका के क्रिकेटर बोडुगुम अखिलेश रेड्डी पर 8 साल का बैन लगा दिया है।

Updated: Aug 03, 2026, 06:51 PM IST

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अमेरिका के क्रिकेटर बोडुगुम अखिलेश रेड्डी को भ्रष्टाचार निरोधक नियमों के उल्लंघन का दोषी ठहराते हुए आठ साल के लिए सभी प्रकार के क्रिकेट से प्रतिबंधित कर दिया है। यह कार्रवाई ICC की एंटी करप्शन यूनिट (ACU) की जांच के बाद की गई है। प्रतिबंध 21 नवंबर 2025 से प्रभावी माना जाएगा क्योंकि इसी दिन रेड्डी को पहली बार अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था।

आईसीसी की जांच में सामने आया है कि मामला साल 2025 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित अबू धाबी T10 टूर्नामेंट से जुड़ा है। इस प्रतियोगिता के दौरान भ्रष्टाचार रोधी निगरानी की जिम्मेदारी एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने ICC को सौंपी थी। जांच में पाया गया कि अखिलेश रेड्डी ने मैच के परिणाम या खेल की प्रकृति को अनुचित तरीके से प्रभावित करने की कोशिश की और भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल होने के लिए एक अन्य खिलाड़ी को भी उकसाया था।

यह भी पढ़ें:बालाघाट में झोपड़ी से महिला को घसीटकर ले गया बाघ, इलाज के दौरान हुई मौत, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

जांच एजेंसी ने यह भी पाया कि रेड्डी ने सबूत मिटाने की कोशिश की। आरोप है कि उन्होंने अपने मोबाइल फोन से महत्वपूर्ण मैसेज और अन्य डेटा डिलीट कर दिए थे। जिससे जांच प्रक्रिया प्रभावित हुई। ICC ने इसे जांच में बाधा डालने की गंभीर कोशिश माना है।

एंटी करप्शन कोड के तहत रेड्डी को तीन अलग-अलग प्रावधानों के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। इनमें मैच फिक्सिंग का प्रयास (आर्टिकल 2.1.1), दूसरे खिलाड़ी को फिक्सिंग में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करना और सहायता देना (आर्टिकल 2.1.4) तथा जांच के दौरान साक्ष्य मिटाकर अधिकारियों को गुमराह करने का प्रयास (आर्टिकल 2.4.7) शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:महिला पहलवानों से यौन शोषण केस में बृजभूषण को बड़ी राहत, राउज एवेन्यू कोर्ट ने किया बरी

अखिलेश रेड्डी ने अप्रैल 2025 में अमेरिका की ओर से चार अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले खेले थे। इसी साल भ्रष्टाचार निरोधक नियमों के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई झेलने वाले वह अमेरिका के दूसरे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हैं। इससे पहले अमेरिकी बल्लेबाज एरॉन जोन्स पर भी 2023-24 सीजन के दौरान बारबाडोस के बिम10 टूर्नामेंट से जुड़े मामले में ICC के पांच भ्रष्टाचार रोधी नियमों का उल्लंघन करने पर निलंबन और प्रतिबंध लगाया गया था। ICC के इस फैसले के बाद अखिलेश रेड्डी अगले आठ तक किसी भी स्तर या प्रारूप के आधिकारिक क्रिकेट में भाग नहीं ले सकेंगे।