MP में पुलिसकर्मियों को मिलेगा साप्ताहिक अवकाश, सीएम शिवराज ने एक बार फिर किया वादा

2018 में कांग्रेस के सत्ता में आते ही कमलनाथ सरकार ने पुलिस स्टाफ को साप्ताहिक अवकाश देना शुरू किया था। लेकिन शिवराज सरकार के आते ही ये सुविधा भी बंद हो गई।

Updated: Jul 29, 2023, 08:37 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में पुलिस जवानों और अफसरों को साप्ताहिक अवकाश मिलेगा। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर से ये ऐलान किया है। 6 माह पहले सीएम चौहान ये ऐलान कर चुके हैं। हालांकि, कई बार घोषणा के बावजूद अबतक इसे अमली जामा नहीं पहनाया गया।

दरअसल, साल 2018 में कांग्रेस के सत्ता में आते ही कमलनाथ सरकार ने पुलिस स्टाफ को साप्ताहिक अवकाश देना शुरू किया था। लेकिन सरकार जाते ही ये सुविधा भी बंद हो गयी। शिवराज सरकार ने साप्ताहिक अवकाश कैंसिल कर दिया। अब जब चुनाव नजदीक हैं सीएम शिवराज बार बार पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने का ऐलान कर रहे हैं। हालांकि, ये घोषणा भी अन्य घोषणाओं की तरह झूठी साबित हो रही है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार रात सीएम हाउस में पुलिस परिवार समागम कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस दौरान सीएम ने पुलिस परिवारों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। सीएम चौहान ने अपने संबोधन में पुलिसकर्मियों के कार्यों, उनके बलिदान का उल्लेख करते हुए उन्हें साप्ताहिक अवकाश देने का वादा किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने थानों में पदस्थ आरक्षक से उप निरीक्षक स्तर तक के ऐसे अधिकारी-कर्मचारी, जिनके पास शासकीय वाहन नहीं है, उन्हें 15 लीटर पेट्रोल भत्ता हर महीने देने का ऐलान किया। साथ ही पौष्टिक आहार भत्ता के रूप में एक हजार रुपए हर महीने और भोजन भत्ता 100 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से दिया जाएगा।