ग्वालियर में रानी लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल पहुंचीं प्रियंका गांधी, वीरांगना को पुष्पांजलि अर्पित की

कांग्रेस की राष्‍ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ग्वालियर में लक्ष्‍मीबाई की समाधि पर पहुंची और पुष्‍पांजली अर्पित की।

Updated: Jul 21, 2023, 02:09 PM IST

ग्वालियर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे ग्वालियर पहुंची। वे यहां जन आक्रोश महारैली के जरिए चुनावी अभियान का आगाज करेंगी। एयरपोर्ट से सबसे पहले वह वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल पहुंचीं। यहां उन्होंने लक्ष्मीबाई को पुष्पांजलि अर्पित कीं। वे थोड़ी देर में मेला ग्राउंड पर जन आक्रोश महारैली को संबोधित करेंगी।

प्रियंका गांधी की जन आक्रोश महारैली के लिए मेला ग्राउंड पर तीन मंच बनाए गए हैं। मुख्य मंच पर प्रियंका गांधी के साथ पूर्व सीएम व पीसीसी चीफ कमलनाथ और दिग्विजय सिंह समेत दूसरे बड़े नेता होंगे। दूसरे मंच पर प्रदेशभर के नेता, पदाधिकारी रहेंगे। तीसरे मंच पर कांग्रेस के सांसद, विधायक और महापौर रहेंगे। प्रियंका गांधी को सुनने ग्वालियर-चंबल अंचल से करीब एक लाख लोग मेला ग्राउंड पहुंचे हैं।

प्रियंका गांधी ग्वालियर में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत महारानी लक्ष्मी बाई की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ की। इस दौरान उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित कई नेता मौजूद थे। यहां से मेला ग्राउंड जाते हुए रास्ते में विकलांगों को सड़क किनारे खड़ा देख प्रियंका गांधी का काफिला रुका। वह गाड़ी से उतरीं और विकलांगों से बात की उनसे पूछा कि केंद्र सरकार से आप को पेंशन मिलती है या नहीं। इसके बाद वे मेला मैदान के लिए निकल गईं।

प्रियंका गांधी के दौरे के दौरान ग्वालियर के फूल बाग पर सिंधिया गद्दार होने के नारे भी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने लगाए। हालांकि पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। साथ ही समाधि स्थल के पास कांग्रेस ने भी सिंधिया पर टिप्पणी करते हुए पोस्टर लगाया था। जिसे पुलिस ने पलटवा दिया। इन पोस्टरों में सिंधिया को गद्दार बताया गया है। उधर मेला मैदान पर मंच पर कांग्रेस के वक्ता सिंधिया को निशाना बना रहे हैं।