रीवा थाने में फायरिंग, सब इंस्पेक्टर ने थाना प्रभारी को मारी गोली

गोली मारने के बाद उपनिरीक्षक बीआर सिंह खुद को टीआई के चेंबर में कैद कर लिया है। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार हितेंद्र नाथ शर्मा के सीने में 2 गोलियां लगी हैं।

Updated: Jul 27, 2023, 06:15 PM IST

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा से एक हैरत में डालने वाला मामला सामने आया है यहां सिविल लाइन इलाके में स्थित थाने में घुस कर एएसआई ने टीआई को थाने के अंदर ही गोली मार दी है। घायल टीआई को गंभीर हालत में मीनरवा अस्पताल में भर्ती किया है।

मिली जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना में पदस्थ प्रभारी हितेंद्र शर्मा दोपहर में थाने में ही मौजूद थे, तभी उपनिरीक्षक बीआर सिंह उनके कमरे में पहुंचे। दोनों के बीच वाद विवाद हुआ। इसके बाद बीआर सिंह ने बंदूक से हितेन्द्रनाथ शर्मा के ऊपर फायरिंग कर दी।  गोली सीधे हितेंद्र नाथ शर्मा के सीने पर जा लगी। हालांकि आनन-फानन में स्टाफ ने उन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि गोली मारने के बाद उपनिरीक्षक बीआर सिंह खुद को टीआई के चेंबर में कैद कर लिया। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार हितेंद्र नाथ शर्मा के सीने में 2 गोलियां लगी हैं। इंटरनल ब्लीडिंग ज्यादा हुई है। हालांकि सिविल लाइन थाना के बाहर अधिकारियों की भीड़ लगी हुई है। हितेंद्रनाथ शर्मा लोकायुक्त में रह चुके हैं।