कुबेरेश्वर धाम में रूद्राक्ष महोत्सव शुरू, इंदौर हाईवे पर 17KM लंबा जाम, काउंटर पर भगदड़ जैसे हालात

रूद्राक्ष के लिए काउंटर पर एक से डेढ़ किलोमीटर लंबी कतारें लगी है। इन कतारों में लाखों भक्त खड़े हैं।काउंटर के समीप भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। भीड़ को रोकने के लिए जो बांस और बल्लियों से बने बैरिकेड लगे थे वह टूट चुके हैं।

Updated: Feb 16, 2023, 05:18 AM IST

भोपाल। सीहोर के पास कुबेरेश्वर धाम में रूद्राक्ष महोत्सव शुरू हो गया है। 16 फरवरी से 22 फरवरी तक यह महोत्सव चलेगा। रुद्राक्ष महोत्सव के पहले ही दिन जुटी भीड़ के आगे व्यवस्था ने घुटने टेक दिए हैं। अब तक करीब 10 लाख लोग इस महोत्सव में शामिल होने सीहोर पहुंचे हैं। नतीजतन इंदौर हाईवे पर 17KM लंबा जाम लग गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक कुबेरेश्वर धाम से इछावर रोड तक 7 किमी का लंबा जाम लगा है। भीड़ इतनी है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सीहोर से इंदौर की तरफ हाईवे पर 17 किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है। भोपाल की ओर हाईवे पर 10 किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है। अधिक भीड़ होने के कारण फोन नेटवर्क्स भी काम नहीं कर रहे हैं। 

बुधवार सुबह पंडित प्रदीप मिश्रा ने सुबह 7 बजे से साथी पंडितों के साथ महादेव का अभिषेक किया। नेपाल से मंगवाए रूद्राक्ष से भगवान शिव का 6 फीट ऊंचा शिवलिंग बनाया गया था। जानकारी के मुताबिक सुबह 10 बजे तक 5 लाख श्रद्धालुओं को रूद्राक्ष बांटे गए। रुद्राक्ष बांटने के लिए 40 काउंटर बनाए गए हैं। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले यानी बुधवार को भी भीड़ को देखते हुए डेढ़ लाख रुद्राक्ष बांटे गए थे। 

रूद्राक्ष के लिए काउंटर पर एक से डेढ़ किलोमीटर लंबी कतारें लगी है। इन कतारों में लाखों भक्त खड़े हैं।काउंटर के समीप भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। भीड़ को रोकने के लिए जो बांस और बल्लियों से बने बैरिकेड लगे थे वह कल ही टूट चुके हैं। बुधवार शाम 5 बजे तक यहां के प्राथमिक उपचार केंद्रों में 2 हजार से ज्यादा लोग पहुंच चुके थे जो भगदड़ के कारण घायल हुए। आज स्थिति और विकट है।

बुधवार को स्थिति ये थी कि 2 लाख लोगों के जुटने पर प्रशासन की सांस फूल गई। प्रशासन ने रूद्राक्ष बांटने वाली समिति से कहकर एक दिन पहले रूद्राक्ष बांटना शुरू कराया। आज करीब 10 लाख लोगों की भीड़ जुटी है। कुबेरेश्वर धाम में भारी भीड़ के करना व्यवस्था चरमराई हुई है। 

दरअसल, यहां जो रूद्राक्ष बांटा जा रहा है, उसके बारे में श्रद्धालुओं को बताया जाता है कि रूद्राक्ष को पानी में डालना है और उस पानी को पी जाना है। ऐसा करने से उनकी हर समस्या दूर हो जाएगी। भले ही नक्षत्र खराब हो, बीमारी हो, भूत बाधा हो सब संकट का निवारण हो जाएगा। यही कारण है कि इस रूद्राक्ष को लेने के लिए लाखों लोगों की भीड़ जुटी है। आज दोपहर 3 बजे तक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कुबेरेश्वर धाम पहुंचेंगे। 18 फरवरी को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी यहां पहुंच सकते हैं।