आज पंचतत्व में विलीन हो जाएंगे मंडल मसीहा शरद यादव, स्टेट हैंगर पहुंचे सीएम शिवराज और दिग्विजय सिंह

शरद यादव के अंतिम संस्कार की तैयारी उनके पैतृक गांव मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम के अंतर्गत बाबई तहसील के आंखमाऊं गांव में की गई है। थोड़ी देर में चार्टर्ड विमान से भोपाल पहुंचेगा पार्थिव शरीर।

Updated: Jan 14, 2023, 07:19 AM IST

भोपाल। मंडल मसीहा शरद यादव आज पंचतत्व में विलीन हो जाएंगे। उनके अंतिम संस्कार की तैयारी उनके पैतृक गांव आंखमाऊं में की गई है जो मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम (होशंगाबाद) के अंतर्गत बाबई तहसील में स्थित है। थोड़ी देर में विशेष विमान से उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से भोपाल पहुंचेगा। यहां से फिर सड़क मार्ग से आंखमऊ ले जाया जाएगा।

राजधानी स्थित स्टेट हैंगर पर राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पहुंच गए हैं। सीएम चौहान यहां उनका अंतिम दर्शन करेंगे। जबकि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने उनके पैतृक गांव तक जाएंगे। सिंह ने अपने पूर्व निर्धारित सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है।

शरद यादव का जन्‍म भले ही मध्‍य प्रदेश में हुआ लेकिन राजनेता के तौर पर वे बिहार की सियासत से सबसे ज्‍यादा जुड़े रहे। बिहार सरकार ने उनके निधन पर एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। बता दें कि 75 साल के शरद यादव को किडनी की समस्या थी और वह काफी समय से डायलिसिस पर थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है। फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट से मिली जानकारी के मुताबिक शरद यादव को अचेत अवस्था में ही लाया गया था। उन्हें इमरजेंसी में भर्ती किया गया। लेकिन जांच में उनकी न नाड़ी चलती मिली न ही ब्लड सर्कुलेशन हो रहा था। फिर 10.19 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।