अमेरिका में अब सिर्फ दो जेंडर होंगे, शपथ लेते ही राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रांसजेंडर सिस्टम खत्म करने का किया ऐलान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शपथ लेने के बाद कहा कि अमेरिका का स्वर्णिम युग अभी से शुरू हो रहा है। इस दिन से हमारा देश फलेगा-फूलेगा और पूरी दुनिया में इसका सम्मान होगा।

Updated: Jan 21, 2025, 01:04 AM IST

वॉशिंगटन। डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ने कैपिटल रोटुंडा में डोनाल्ड ट्रंप को भारतीय समयानुसार सोमवार रात साढ़े दस बजे शपथ दिलाई। शपथग्रहण के बाद अपने पहले भाषण में उन्होंने देश की संभावनाओं और बेहतर भविष्य को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि आज से अमेरिका का स्वर्ण युग शुरू हो गया है।

शपथ के बाद ट्रम्प ने 30 मिनट तक देश को संबोधित किया। अपने पहले भाषण में उन्होंने कहा कि अमेरिका का स्वर्ण युग अभी शुरू हो रहा है। इस दिन से हमारा देश फिर से समृद्ध होगा और पूरी दुनिया में इसका सम्मान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अब से कुछ ही समय बाद हम मेक्सिको की खाड़ी का नाम बदलकर अमेरिका की खाड़ी रखने जा रहे हैं।'

राष्ट्रपति बनने के बाद अपने पहले भाषण में ट्रंप ने देश में ट्रांसजेंडर सिस्टम खत्म करने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आज से अमेरिका सरकार की आधिकारिक नीति होगी कि सिर्फ दो जेंडर होंगे- पुरुष और महिला। ट्रंप के इस ऐलान के बाद तय हो गया है कि आगामी चार साल ट्रांसजेंडर्स के लिए अमेरिका में मुश्किल भरा होने वाला है। बताया जा रहा है कि शासकीय सेवाओं से लेकर स्कूलों तक से ट्रांसजेंडर्स को बाहर निकाला जाएगा।

पनामा नहर को लेकर उन्होंने कहा, ' इस नहर की वजह से हमारे साथ बहुत बुरा बर्ताव किया गया है। इसे नहर को कभी गिफ्ट के तौर पर पनामा देश को नहीं दिया जाना चाहिए था। आज चीन पनामा नहर को ऑपरेट कर रहा है। हमने इसे चीन को नहीं दिया। हमने इसे पनामा देश को दिया। हम इसे वापस लेने जा रहे हैं।'

अवैध प्रवासियों को लेकर ट्रंप ने कहा कि हम उनकी एंट्री बैन करेंगे, पकड़ो और छोड़ो सिस्टम खत्म करेंगे। मैं अपने देश पर विनाशकारी हमले को रोकने के लिए दक्षिणी सीमा पर सेना भेजूंगा।' उन्होंने कहा कि मैं सभी सरकारी सेंसरशिप को तुरंत रोकने और अमेरिका में अभिव्यक्ति की आजादी को वापस लाने के लिए एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर भी साइन करूंगा।

शपथ के दौरान ट्रम्प की पत्नी मेलानिया बाइबिल लेकर खड़ी रहीं। ट्रम्प की शपथ के बाद कुछ देर तक संसद का कैपिटल रोटुंडा हॉल तालियों से गूंजता रहा। ट्रम्प 2017 से 2021 तक अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति रह चुके हैं। ट्रंप से पहले रिपब्लिकन नेता जेडी वेंस ने अमेरिका के 50वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।