ग्रेड पे बढ़ाकर 19,500 करे शिवराज सरकार, मध्य प्रदेश होमगार्ड के जवानों ने खोला मोर्चा

होमगार्ड के जवानों ने कहा है कि यदि शिवराज सरकार उन्हें नियमित नहीं करती है तो वे भाजपा को वोट नहीं देंगे।

Updated: Aug 08, 2023, 09:24 AM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार चौतरफा विरोध झेल रही है। प्रदेश के डॉक्टर, नर्स, चयनित शिक्षक, किसान और बेरोजगार युवक सड़कों पर हैं। अब होमगार्ड जवानों ने भी मोर्चा खोल दिया है। नगर सैनिकों ने कहा है कि यदि सरकार उन्हें नियमित नहीं करती है तो वे भाजपा को वोट नहीं देंगे।

नगर सैनिकों (होमगार्ड जवानों) ने अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध तरीके से अभियान शुरू कर दिया है। प्रदेश के करीब 20 हजार होमगार्ड जवानों का साफ कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव के पहले अगर उन्हें स्थाई नहीं किया गया तो वे भाजपा के पक्ष में मतदान नहीं करेंगे। नगर सैनिकों ने नारा दिया है "जो करेगा नियमित उसको करेंगे वोट।"

बता दें कि प्रदेश में करीब 20 हजार होमगार्ड के जवान हैं। ये 73 साल से स्वयंसेवी का तमगा लगाए हैं। कॉल ऑफ खत्म करने को लेकर दो सौ से ज्यादा याचिकाएं कोर्ट में लगा चुके हैं। कोर्ट भी कॉल ऑफ समाप्त करने को लेकर अपना निर्णय दे चुका है। मुख्यमंत्री ने सीएम निवास में हुए कार्यक्रम में घोषणा भी की थी कि नगर सैनिकों की मांगों का निराकरण किया जाएगा। बावजूद वे न्याय नहीं मिलने का आरोप लगा रहे हैं।

मध्य प्रदेश होमगार्ड सैनिक एवं परिवार कल्याण संघ के अध्यक्ष बीएस चौहान ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखते हुए कहा है नगर सैनिकों को 62 वर्ष का लाभ दिया जाए। पुलिस आरक्षक की तरह नगर सैनिकों का पे ग्रेड 19,500 होना चाहिए। वेतन वृद्धि के नाम पर हमें 6 रुपए मिलते हैं। उधर, पटवारी संघ भी ग्रेड-पे बढ़ाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री की मौजूदगी में महापंचायत कराना चाहता है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में पटवारी भी सड़क पर उतर सकते हैं।