कोरोना खत्‍म होते ही शिवराज करेंगे गोवर्धन परिक्रमा

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पहले ही कोरोना संकट को पहचान लिया तथा लॉकडाउन जैसी व्यवस्था प्रारंभ कर दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट समाप्त होने पर वे गोवर्धन परिक्रमा करने जाएंगे।

Publish: Apr 05, 2020, 11:21 AM IST

CM shivraj singh chouhan
CM shivraj singh chouhan

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दूरदर्शन के माध्यम से प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहले ही कोरोना संकट को पहचान लिया तथा देश में लॉकडाउन जैसी व्यवस्था प्रारंभ कर दी। यह उनकी दूरदर्शिता का परिणाम है कि समय रहते है हमने देश में कोरोना संक्रमण को नियंत्रित कर लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संकट समाप्त होने पर वे गोवर्धन परिक्रमा करने जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 23 मार्च की रात 9 बजे शपथ लेने के बाद मैंने सबसे पहला काम वल्लभ भवन पहुँच कर कोरोना के संबंध में बैठक लेने का किया। पूरा शासन, प्रशासन कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जुट गया। हमारे डॉक्टर्स, नर्स, पैरामैडिकल स्टाफ, पुलिस, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार जान हथेली पर रखकर लोगों की जिंदगी बचाने में लगे हैं। पूरे प्रदेश में जनता के सहयोग से प्रधानमंत्री के लॉकडाउन के आह्वान को पूरी तरह से सफल बनाया गया है।

गमछे से मास्क बना कर दिखाया

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी प्रदेशवासी प्रधानमंत्री द्वारा लॉकडाउन के रूप में खींची गई लक्ष्मण रेखा को पार नहीं कर रहे हैं। सभी घर तक सीमित हैं। प्रदेश में कोरोना से बचाव, इलाज की हर संभव व्यवस्था की गई है। हमारी कोरोना टेस्टिंग की क्षमता वर्तमान में 500 है, जिसे बढ़ाकर अतिशीघ्र 1000 कर लिया जाएगा। कोरोना से बंचाव के लिए पहने जाने वाले पीपीई किट्स अब हम मध्यप्रदेश में बना रहे हैं तथा उनको भारत सरकार ने मान्यता दी है। मास्क, दवाओं आदि की कमी नहीं है। हमारे स्व-सहायता समूह मास्क बना रहे है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी स्थिति में मास्क उपलब्ध नहीं हो पाता है तो घर पर ही मास्क बना लें। सूती कपड़े को तीन फोल्ड करें तथा मास्क बना लें। उन्होंने अपने गमछे से तीन फोल्ड मास्क बनाकर बताया।