शिवपुरी में तेज रफ्तार कार पुलिया से गिरी, दो महिला डॉक्टरों की मौत, चार घायल

हादसा लुकवासा बायपास पर सुबह करीब 8 बजे हुआ। सभी लोग अयोध्या से उज्जैन जा रहे थे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Updated: Mar 24, 2025, 02:43 PM IST

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में दो महिला डॉक्टरों की मौत हो गई। जबकि चार अन्य डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसा जिले के लुकवासा बायपास पर रविवार सुबह करीब 8 बजे हुआ। यहां एनएच-46 पर एक अर्टिगा कार बेकाबू होकर पुलिया से नीचे गिर गई। कार चला रहे डॉक्टर अतुल आचार्य ने बताया कि उनकी टीम दस दिन पहले महाराष्ट्र से तीर्थ यात्रा के लिए निकली थी। वे अयोध्या दर्शन के बाद उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर जा रहे थे। 

यह भी पढ़ें: मऊगंज में फिर पुलिस टीम पर हमला, कोरेक्स तस्करों को पकड़ने गए TI की गाड़ी के कांच तोड़े

रविवार सुबह लुकवासा चौकी के पास उनकी कार अचानक बेकाबू होकर पुलिया से टकराकर नीचे गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। इस दुर्घटना में 50 वर्षीय डॉ. तन्वी आचार्य (50) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 55 वर्षीय डॉ नीलम पंडित को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

कार में मुंबई और आसपास के रहने वाले छह डॉक्टर सवार थे। घायलों में डॉ. उदय जोशी (64) निवासी दादर, डॉ. सुबोध पंडित (62) निवासी बसई महाराष्ट्र, डॉ. अतुल आचार्य (55) निवासी भिवंडी महाराष्ट्र, डॉ. सीमा जोशी (59) घायल हुए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।