बड़वानी में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, तीन की मौत, पांच घायल

यह घटना उस समय हुई, जब खेत में मजदूरों को ले जा रही ट्रैक्टर ट्राली कुआं कपालिया खेड़ी रोड पर अनियंत्रित होकर पलट गई।

Publish: Oct 08, 2023, 06:10 PM IST

बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के ठीकरी थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रैक्टर में मजदूर बैठे हुए थे। घटना उस समय हुई, जब अचानक एक जानवर वाहन के सामने आ गया। उसको बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर चला रहे किसान और दो नाबालिग मजदूरों की मृत्यु हो गई और तीन नाबालिग समेत पांच अन्य घायल हो गए।

ठीकरी के थाना प्रभारी विक्रम सिंह बामनिया ने बताया कि खेत में मजदूरों को ले जा रही ट्रैक्टर ट्राली कुआं कपालिया खेड़ी रोड पर अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के चलते ट्रैक्टर चला रहे किसान अमित पाटीदार 35 वर्ष और दो मजदूर अनिल 12 वर्ष तथा सजन 16 वर्ष की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

इस घटना में 16 वर्षीय ममता, 14 वर्षीय बायली ,13 वर्षीय रविता, 21 वर्षीय कविता और 30 वर्षीय खेल सिंह घायल हुए हैं। समस्त मजदूर जिले के निवाली थाना क्षेत्र के निवासी थे। घायलों को ठीकरी के शासकीय अस्पताल भर्ती किया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल बड़वानी रेफर कर दिया गया। 

उन्होंने बताया कि किसान अनिल पाटीदार मजदूरों को लेकर खेत में कपास की फसल काटने ले जा रहा था। इसी दौरान एक पुलिया के मोड़ पर सूअर सामने आ गया। इसे बचाने के लिए तेज गति से आ रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और पुलिया के नीचे जा गिरा। उन्होंने बताया कि ठीकरी स्थित शासकीय अस्पताल में मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।