मैहर में दर्दनाक सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप, 20 से अधिक लोग घायल

मैहर जिले के बदेरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप वाहन दोपहिया को बचाने के प्रयास में पलट गया। हादसे में एक ही परिवार के 20 से अधिक लोग घायल हो गए।

Updated: Dec 21, 2025, 06:08 PM IST

मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बदेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भदनपुर के पास करीब दोपहर 1 बजे तेज रफ्तार पिकअप वाहन पलट गया। हादसे में एक ही परिवार के 20 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम बराखुर्द निवासी साकेत परिवार के लोग एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर पिकअप वाहन से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक दोपहिया वाहन को बचाने के प्रयास में पिकअप का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। पलटते ही पिकअप में सवार कई लोग उसके नीचे दब गए।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन के नीचे से बाहर निकाला गया। इसके बाद निजी वाहनों से सभी घायलों को मैहर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों में विमल साकेत (28), चांदनी साकेत (16), सरोज साकेत (32), राजसमंद साकेत (13), दिनेश साकेत (35), रवि (22), भैयालाल (40), संतलाल (55), मुन्नीलाल (55), रानी (18), लक्ष्मी (20), रेखा (22), सुखमणि (44), संतलाल (23), अमित (35), सुमन (23), सुमन (35), सोनम साकेत (7), अभिषेक साकेत (18) और रेखा साकेत (18) शामिल हैं।

सिविल अस्पताल मैहर में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए सतना और रीवा रेफर किया गया है। वहीं, तीन अन्य घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। शेष घायलों का इलाज मैहर सिविल अस्पताल में जारी है जहां डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।

सूचना मिलने पर बदेरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अचानक संतुलन बिगड़ना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।