रामराजा सरकार के खजाने के टूटे ताले, सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के साथ 26 नवंबर को ओरछा पहुंचकर हिसाब मांगेंगे दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह ने मंदिर के खजाने की पूरी सूची, पुराने और वर्तमान रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज तथा ताला काटने की कार्रवाई का संपूर्ण विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।
भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने ओरछा स्थित श्री रामराजा सरकार मंदिर के खजाने से जुड़े विवाद को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मंदिर के खजाने के ताले काटे जाने और अधिकारियों की मौजूदगी में घंटों तक कार्रवाई होने की खबरों पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि उनकी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का एक प्रमुख उद्देश्य ही भगवान श्रीराम के नाम पर एकत्र होने वाले चंदे और मंदिरों में आने वाले चढ़ावे का पारदर्शी हिसाब सुनिश्चित करना है। उन्होंने ऐलान किया कि 26 नवंबर को यात्रा के साथ ओरछा पहुंचकर रामराजा सरकार के दरबार में इस मामले का हिसाब मांगेंगे।
दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा कि दैनिक समाचार पत्रों में मंदिर के खजाने से जुड़ी खबर पढ़कर वह व्यथित और आक्रोशित हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन सी मजबूरी थी कि मंदिर के खजाने का ताला काटना पड़ा? वह भी बिना पूरी पारदर्शिता और सार्वजनिक जवाबदेही के। खजाने में क्या था, कितना था और अब कितना है, इसका पूरा हिसाब जनता के सामने क्यों नहीं रखा जा रहा है?
उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति बहुत हो गई, अब उनके मंदिर और खजाने की रक्षा के लिए भी कदम उठाने चाहिए। यह केवल ताला काटने का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और भगवान के नाम पर अर्पित संपत्ति की सुरक्षा का प्रश्न है। 
दिग्विजय सिंह की अगुवाई में 20 अक्टूबर को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा शुरू हुई थी। करीब 930 किलोमीटर की इस यात्रा का समापन अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन के साथ प्रस्तावित है। यात्रा के जरिए दिग्विजय सिंह धार्मिक स्थलों पर आने वाले चढ़ावे और भगवान श्रीराम के नाम पर एकत्र किए जाने वाले चंदे का पारदर्शी हिसाब रखने की मांग उठा रहे हैं। इसके साथ ही चंदा चोरी और वोट चोरी की निष्पक्ष जांच भी यात्रा के प्रमुख मुद्दों में शामिल है।
यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह लगातार धार्मिक स्थलों की संपत्ति की सुरक्षा और दान में पारदर्शिता का मुद्दा उठा रहे हैं। ओरछा के रामराजा सरकार मंदिर के खजाने से जुड़ा विवाद भी उनके इस अभियान से जुड़ गया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि 26 नवंबर को ओरछा पहुंचकर वह इस मामले में जवाबदेही की मांग करेंगे।
दरअसल, ओरछा स्थित श्री रामराजा सरकार मंदिर के शाही खजाने को लेकर विवाद तब सामने आया, जब 2 नवंबर को खजाने के पुराने ताले काटे जाने और नए ताले लगाए जाने की खबरें प्रकाशित हुईं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान करीब तीन घंटे तक खजाने का कक्ष खुला रहा। आरोप है कि इस कार्रवाई की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को नहीं दी गई और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई।
मामले के तूल पकड़ने के बाद निवाड़ी जिला प्रशासन ने स्पष्टीकरण दी है। कलेक्टर जमुना भिड़े ने सफाई देते हुए कहा कि खजाने के ताले तोड़ने या उनसे छेड़छाड़ किए जाने की खबरें भ्रामक हैं। प्रशासन के मुताबिक, खजाने की संपत्ति के भौतिक सत्यापन की तैयारी के लिए कक्ष का निरीक्षण किया गया था। इसके लिए छह सदस्यीय जांच दल का गठन भी किया गया है। प्रशासन का कहना है कि निरीक्षण के दौरान किसी भी आभूषण या कीमती वस्तु को छुआ अथवा हटाया नहीं गया। श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक होने के कारण विस्तृत भौतिक सत्यापन फिलहाल टाल दिया गया है।
बहरहाल, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से इस पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने मंदिर के खजाने की पूरी सूची, पुराने और वर्तमान रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज तथा ताला काटने की कार्रवाई का संपूर्ण विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी तरह की गड़बड़ी या धन की हेराफेरी सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भगवान के खजाने में यदि हेराफेरी हुई है तो यह केवल चोरी नहीं, बल्कि आस्था के साथ डकैती है। दिग्विजय सिंह ने दोहराया कि 26 नवंबर को वह श्री रामराजा सरकार के चरणों में पहुंचकर इस पूरे मामले का हिसाब मांगेंगे। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की आस्था के साथ खिलवाड़ और उनके नाम पर चढ़ाए गए धन की लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




