विदिशा: सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में जा गिरी कार, 3 बच्चों और मां की मौत

कार में परिवार के 6 लोग सवार थे। जिसमें से 3 बच्चों और मां की मौत हो गयी। वहीं ड्राइवर और महिला के पति को स्थानीय लोगों ने बचा लिया

Publish: Sep 19, 2023, 10:22 AM IST

विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। यहां सड़क किनारे बने एक 15 फ़ीट गहरे गड्ढे में कार जा गिरी। कार में परिवार के 6 लोग सवार थे। जिसमें से 4 लोगों की मौत हो गई।पुलिस ने देर रात चारों शव और कार को पानी से बाहर निकाल लिया। 2 लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कार को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार घटना सोमवार की रात विदिशा की ग्यारसपुर तहसील में हुआ है। यहां हैदरगढ़ के रहने वाले शहजाद खान अपने परिवार के साथ अपने अमरपुर स्थित खेत पर गए थे। लौटते वक्त उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक बड़े गड्ढे में जा गिरी। गड्ढा 15 फ़ीट गहरा था। कार में शहजाद उनकी पत्नी और 3 बच्चे व कार के ड्राइवर सहित 6 लोग सवार थे। 

आसपास के लोगों ने शहजाद और उनके ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाकी लोग कार से बाहर नहीं निकल पाए। और कार गहरे में समा गई जिस कारण उन लोगों को नहीं बचाया जा सका। घटना की जानकारी लगने के 2 घण्टे बाद पुलिस गोताखोरों की टीम के साथ मौके पर पहुंची और सर्चिंग शुरू की। देर रात तक चले सर्चिंग ऑपरेशन के बाद पुलिस ने शहजाद की पत्नी और 3 बच्चों के शव कार में से निकाले। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को भी बाहर निकाल लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बताया जा रहा है यह खंती सड़क निर्माण के कार्य के लिये मुरम निकालने के कारण बनी थी। बारिश में इसमें 15 फ़ीट तक पानी भर गया। जिस कारण कार इसमें पूरी तरह डूब गई। प्रशासन ने गड्ढे को खुला छोड़ दिया इसके आस-पास कोई चेतावनी संकेत भी नहीं लगाया गया।