मनमोहन सिंह के लिए स्मारक की जगह नहीं तलाश पाई सरकार, कांग्रेस ने बताया देश के पहले सिख PM का अपमान

कांग्रेस की मांग है कि सिंह के अंतिम संस्कार तथा स्मारक के लिए विशेष जगह आवंटित कर यादगार स्मारक बनाया जाए जिससे आने वाली युवा पीढ़ी उनके व्यक्तित्व के बारे में जान सके एवं उनसे प्रेरणा ले सके।

Updated: Dec 28, 2024, 09:12 AM IST

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम सफर की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अंतिम संस्कार आज दिल्ली के निगमबोध घाट पर होगा। उनकी अंतिम यात्रा सुबह 9:30 बजे दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय से निगमबोध घाट के लिए रवाना होगी। इससे पहले मनमोहन सिंह की याद में स्मारक बनाए जाने की मांग लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर पहले सिख पीएम के अपमान का आरोप लगाए हैं।

दरअसल, निगमबोध घाट पर मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार पूर्व पीएम का स्मारक बनाने के लिए जमीन तक नहीं तलाश पाई। ये देश के पहले सिख पीएम का अपमान है।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार से मांग की थी कि मनमोहन सिंह का जहां अंतिम संस्कार हो, वहीं स्मारक बनाया जाए। उन्होंने मोदी-शाह से फोन पर कहा कि यही पूर्व पीएम के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने इसके लिए पत्र भी लिखा था। 

कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी से अपील करता हूं कि सभी राजनीतिक दलों में सम्मानित डॉ मनमोहन सिंह जी के अंतिम संस्कार तथा स्मारक के लिए विशेष जगह आवंटित कर यादगार स्मारक बनाए जिससे आने वाली युवा पीढ़ी उनके व्यक्तित्व के बारे में जान सके एवं उनसे प्रेरणा ले सके। भारत के पहले और अभी तक के एकमात्र सिख समुदाय से आने वाले प्रधानमंत्री थे। पूरी दुनिया में डॉ मनमोहन सिंह जी का सम्मान था। केन्द्र सरकार ने डॉ मनमोहन सिंह जी का अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर करने का आदेश निकाला है जो उनके महान व्यक्तित्व के अनुरूप नहीं है। 

वहीं, कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने भी कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व का अंतिम संस्कार ऐसे स्थल पर होना चाहिए जहां उनकी स्मृति में स्मारक बनाया जा सके। यह उनकी स्मृतियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। बहरहाल, इस मामले पर केंद्र सरकार का भी जवाब सामने आया है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार रात कहा कि सरकार पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए स्थान आवंटित करेगी और इस बारे में उनके परिवार तथा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सूचित कर दिया गया है। ‘पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के संबंध में तथ्य' शीर्षक से देर रात जारी एक विज्ञप्ति में मंत्रालय ने कहा कि स्मारक के लिए ट्रस्ट का गठन किया जाना है और स्थान आवंटित किया जाना है, इस बीच मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा सकती हैं।

इसपर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से इस जगह का चयन करने में हुई देरी भारत के पहले सिख प्रधानमंत्री के प्रति जानबूझकर अपमान था। कांग्रेस ने इस देरी को एक राजनीतिक चाल बताते हुए इसे उनके सम्मान में बड़ी चूक करार दिया है।