फसल को पानी देना किसानों को पड़ा भारी, शहडोल में दो किसानों के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज

शहडोल के सोहागपुर जनपद का मामला, किसानों पर नहर से पानी चोरी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है

Publish: Feb 18, 2023, 05:13 AM IST

Photo Courtesy: Lalluram
Photo Courtesy: Lalluram

शहडोल। शहडोल ज़िले में दो किसानों को अपनी सूखी फसल को पानी देना भारी पड़ गया। पुलिस ने दोनों किसानों के खिलाफ पानी चोरी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने किसानों के ऊपर यह कार्रवाई जल संसाधन विभाग के निर्देश पर की है। 

यह मामला शहडोल के सोहागपुर जनपद का बताया जा रहा है। जहां दो अलग अलग गांवों के किसान नहर से पानी निकाल कर अपनी सूखी फसलों को पानी दे रहे थे। जल संसाधन विभाग के एसडीओ ने मामला संज्ञान में आने पर पुलिस को दोनों किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दे दिए। 

सोहागपुर जनपद के पोगरी निवासी शेष नारायण यादव और पडरिया मानपुर निवासी शकील के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह दोनों ही अपनी सूखी फसल की सिंचाई करने के लिए नहर से पम्प के सहारे पानी निकाल रहे थे। 

यह भी पढ़ें : खाली कुर्सियों को भाषण देते रहे फग्गन सिंह कुलस्ते, विकास यात्रा में केंद्रीय मंत्री की भारी फजीहत

जल संसाधन विभाग के एसडीओ राजेंद्र सिंह की शिकायत पर सोहागपुर थाने और सिंहपुर थाने में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। दोनों किसानों पर आईपीसी की धारा 294, 427, 430 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इन किसानों पर आरोप है कि उन्होंने बिना अनुमति के नहर के पानी का उपयोग किया।