2023 के 100 शक्तिशाली भारतीयों में पीएम मोदी टॉप पर, राहुल गांधी को मिला 15वां स्थान

टॉप दस में अधिकतर बीजेपी के नेताओं को जगह दी गई है, वहीं टॉप पांच में भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ का भी नाम है

Publish: Mar 30, 2023, 12:53 PM IST

नई दिल्ली। 2023 में भारत के 100 शक्तिशाली लोगों की सूची जारी हुई है। यह सूची अंग्रेजी के प्रमुख अखबार इंडियन एक्सप्रेस ने जारी की है। अखबार ने बीते वर्ष घटित हुए घटनाक्रमों और उनमें हस्तियों की सहभागिता और सक्रियता के आधार पर यह सूची जारी की है। इस सूची में शीर्ष स्थान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया गया है। 

प्रधानमंत्री मोदी के बाद इस सूची में दूसरे नंबर पर गृह मंत्री अमित शाह हैं। जबकि तीसरा स्थान विदेश मंत्री एस जयशंकर को दिया गया है। वहीं चौथे नंबर पर भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पांचवां स्थान दिया गया है। 

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को छठा स्थान जबकि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सातवें स्थान पर हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भी टॉप दस की सूची में शामिल किया गया है। जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 15वां स्थान दिया गया है। वहीं कांग्रेस नेता शशि थरूर को भी सौ शक्तिशाली व्यक्तियों की सूची में शामिल किया गया है। 

क्रिकेट जगत से भी दो सितारे इस सूची में शामिल किए गए हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली को 53वां स्थान दिया गया है। वहीं टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा इस सूची में 83वें स्थान पर हैं। 

फिल्म जगत की भी कई हस्तियों को इस सूची में शामिल किया गया है। सौ शक्तिशाली व्यक्तियों में फिल्म जगत की हस्तियों में शाहरुख खान सबसे ऊपर हैं। सूची में शाहरुख ख़ान 50वें स्थान पर काबिज़ हैं। उनके बाद फिल्म जगत से अमिताभ बच्चन 87 जबकि निर्देशक एसएस राजामौली 95वें स्थान पर हैं। वहीं दीपिका पादुकोण 97, रणवीर सिंह 99 और आलिया भट्ट सौवें स्थान पर हैं।