देश में कोरोना के 5880 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 35 हजार पार

पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 5,880 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 14 लोगों की मौत हुई है, वहीं मरीजों की संख्या 35,199 हो गई है।

Updated: Apr 10, 2023, 10:48 AM IST

नई दिल्ली। देश में कोरोना अब धीरे-धीरे बेकाबू होता जा रहा है। आए दिन कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इसी कड़ी में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 5,880 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 14 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही देश में अब एक्टिव मरीजों की संख्या 35,199 हो गई है।

आंकड़ों के अनुसार देश में फिलहाल ठीक होने की दर 98.73 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में 3,481 लोग ठीक हुए हैं। देश में डेली पॉजिटिविटी रेट 6.91 प्रतिशत हो गया है। यानी हर 100 टेस्ट में से करीब 7 की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। जबकि वीकली पॉजिटिविटी रेट 3.67 प्रतिशत है।

राजधानी दिल्ली में कोरोना के करीब 700 केस मिले हैं। राज्य में एक्टिव केस की संख्या भी बढ़कर 2500 हो गई है। पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 3305 टेस्ट हुए हैं, इनमें से 699 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। यानी पॉजिटिविटी रेट 21.15% पहुंच गया है। राजधानी में पिछले 24 घंटे में 4 मरीजों ने कोरोना से दम तोड़ा है।

भारत में मिल रहे कोरोना केसों में 38 फीसदी केस नए वैरिएंट XBB.1.16 के मिल रहे हैं। जिनोम सिक्वेंसिंग पर नजर रखने वाली INSACOG के मुताबिक, देश में रोजाना सामने आ रहे कोरोना केसों में 38.2% केस XBB.1.16 वैरिएंट के हैं।

केंद्र सरकार कोरोना के बढ़ते खतरे को भाप चुकी है, यही वजह की अब वो भी अलर्ट मोड में आ गई है। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सभी राज्यों को अस्पतालों में मॉकड्रिल कराने के निर्देश दिए हैं। स्वयं स्वास्थ्य मंत्री भी हरियाणा स्थित झज्जर के एम्स जाएंगे और तैयारियों का जायजा लेंगे।