मुंबई में रनवे से फिसला एअर इंडिया का विमान, तीन टायर फट गए, इंजन को भी नुकसान

एअर इंडिया ने बताया कि हादसे में किसी पैसेंजर्स या क्रू मेंबर्स को नुकसान नहीं पहुंचा है। हालांकि मुंबई एयरपोर्ट का मेन रनवे, 09/27 क्षतिग्रस्त हुआ है। रनवे पर फ्लाइट्स की आवाजाही बंद कर दी गई है।

Updated: Jul 21, 2025, 06:17 PM IST

मुंबई। सोमवार को मुंबई एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां केरल के कोच्चि से मुंबई आई एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2744 लैंडिंग के बाद रनवे से बुरी तरह फिसल गई। यह घटना सुबह 9 बजकर 27 मिनट पर छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई। विमान ने रनवे 27 पर लैंड किया, लेकिन गति कम करते समय रनवे पर टिक नहीं पाया। भारी बारिश के कारण विमान रनवे से फिसल गया। 

बताया जा रहा है कि मुंबई में भारी बारिश के कारण रनवे पर फिसलन थी, जिससे विमान रनवे से 16 से 17 मीटर दूर घास पर चला गया। तस्वीरों में देखा गया कि विमान के दाहिने इंजन के नैसेल (ढक्कन) को नुकसान पहुंचा है। इस घटना के बाद विमान को पार्किंग तक लाया गया, जहां सभी यात्री और क्रू मेंबर्स को उतारा गया। इस दौरान विमान के तीन टायर फट गए।

एअर इंडिया ने बताया कि हादसे में किसी पैसेंजर्स या क्रू मेंबर्स को नुकसान नहीं पहुंचा है। हालांकि मुंबई एयरपोर्ट का मेन रनवे, 09/27 क्षतिग्रस्त हुआ है। रनवे पर फ्लाइट्स की आवाजाही बंद कर दी गई है। रनवे किनारे तीन साइनेज बोर्ड और चार लाइटें भी टूट गईं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की एक टीम मामले की जांच के लिए एयरपोर्ट पहुंची है। एअर इंडिया के अनुसार, विमान की जांच जारी है। दोनों पायलटों को हटा दिया गया है और इस घटना के कारणों की जांच जारी है।

मुंबई में रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक भारी बारिश हुई। रातभर की बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया। सड़कें जलमग्न हो गईं। जलभराव के कारण मुंबई के कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही भी काफी धीमी हो गई। बीएमसी के अनुसार, रविवार सुबह 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक, पिछले 24 घंटों के दौरान, मुंबई में औसतन 23.45 मिमी बारिश दर्ज की गई। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि ईस्ट मुंबई में 36.42 मिमी और वेस्ट मुंबई में 50.02 मिमी बारिश हुई।