बैतूल में आपसी विवाद के कारण पति-पत्नी ने डैम में लगाई छलांग, डेढ़ साल के बेटे को सड़क किनारे छोड़ा

यह घटना मुलताई थाना क्षेत्र की है। मृतक दंपती की पहचान शुभम करदाते (25) और रोशनी (22) के रूप में हुई है। स्थानीय ग्रामीण मुन्ना परिहार ने दंपती को डैम में कूदते देखा। जिसके बाद तुंरत मुलताई पुलिस को सूचना दी।

Publish: Sep 27, 2025, 06:21 PM IST

Photo Courtesy: Dainik Bhaskar
Photo Courtesy: Dainik Bhaskar

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल में पति, पत्नी अपने डेढ़ साल के बेटे को सड़क किनारे छोड़कर डैम में कूद गए। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और लंबी मशक्कत के बाद दोनों के शव को डैम से निकाला। दंपती की साढ़े तीन साल पहले लव मैरिज हुई थी। 

घटना मुलताई थाना क्षेत्र की है। मृतक दंपती की पहचान शुभम करदाते (25) और रोशनी (22) के रूप में हुई है। शुक्रवार रात को दोनों के बीच में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद शनिवार को सुबह करीब 9 बजे अपने डेढ़ साल के बेटे को लेकर बुकाखेड़ी बांध पहुंचे। यहां बेटे को सड़क किनारे कर अचानक दोनों ने डैम में छलांग लगा दी। ग्रामीणों द्वारा सूचना पर मुलताई थाने की टीम पहुंची।

यह भी पढ़ें: MP में प्रॉपर्टी खरीदना देश में सबसे महंगा, सरकार वसूल रही 9.5 फीसदी स्टांप ड्यूटी

गांव के ही रहवासी मुन्ना परिहार ने दंपती को डैम में कूदते देखा। मुन्ना ने बताया कि पहले रोशनी ने छलांग लगाई। पति शुभम उसका हाथ पकड़कर उसे रोकने की कोशिश कर रहा था। लेकिन रोशनी के कूदने के तुरंत बाद ही वह भी कूद गया। मुन्ना ने इस घटना की जानकारी तत्काल मुलताई पुलिस को दी। 

घटना के बाद दंपती के बच्चे को स्थानीय ग्रामीणों ने अपने पास रख लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी का अक्सर विवाद होता था। थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने कहा कि शनिवार सुबह सवा 9 बजे हमें दंपती की डैम में छलांग लगाने की सूचना मिली थी। जिसके बाद हम नगरपालिका की टीम के साथ बुकाखेड़ी डैम पहुंचे साथ में एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया। महिला का शव जल्दी मिल गया, जबकि पुरुष का शव 3 घंटे बाद मिला।