उत्तराखंड में एवलांच, 41 मजदूर दबे, आज रात भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड के चमोली में शुक्रवार सुबह 7.15 बजे एवलांच की वजह से 57 मजदूर बर्फ में दब गए। इनमें 16 को रेस्क्यू कर लिया गया है।

चमोली। पहाड़ों में भारी बारिश और हिमपात ने कहर मचाया हुआ है। हिमाचल प्रदेश से लेकर उत्तराखंड से तबाही की कई तस्वीरें सामने आ रही हैं। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बारिश के कारण कई गाड़ियां बह गईं और मलबे में दब गई हैं। वहीं उत्तराखंड के चमोली में भारी बर्फबारी से माणा गांव के पास अचानक से एक ग्लेशियर टूट गया। हिमस्खलन के कारण 41 मजदूर बर्फ में दब गए।
जानकारी के अनुसार माणा गांव के ऊपर ग्लेशियर टूटने से बॉर्डर रोड्स आर्गेनाईजेशन (BRO) के 57 मजदूरों उसमें दब गए थे। इनमें 16 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। जबकि 41 मजदूर अभी भी दबे हुए हैं। मौके पर राहत-बचाव कार्य जारी है और दबे हुए मजदूरों को निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है। हेलिकॉप्टर और ड्रोन टीम को भी अलर्ट पर रखा गया है। खराब मौसम के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं।
यह भी पढे़ं: वक्फ बिल में संशोधन प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी, बजट सत्र के दूसरे चरण में ला सकती है सरकार
SDRF, NDRF, जिला प्रशासन, आईटीबीपी और बीआरओ की टीमें मौके पर हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से जारी है। चमोली के पास हुए हिमस्खलन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार अपडेट ले रहे हैं। धामी ने राज्य आपदा परिचालन केंद्र से जनपद चमोली के माणा गांव के निकट हिमस्खलन की घटना की जानकारी ली है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस हादसे पर दुख जताया है।
इधर, मौसम विभाग ने 28 फरवरी की देर रात तक उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान 20 CM तक बारिश हो सकती है। चमोली DM संदीप तिवारी ने बताया कि घटनास्थल पर लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है, इसलिए हम हेलिकॉप्टर नहीं भेज पा रहे हैं।
ITBP कमांडेंट पीयूष पुष्कर ने कहा कि हमारी 90 जवानों की 23 बटालियन माणा में तैनात हैं। पिछले दो दिनों से इस इलाके में मौसम खराब है। शुक्रवार सुबह से ही इलाके में भारी बर्फबारी हो रही है। इस वजह से माणा में एवलांच हुआ। इसमें बीआरओ कैंप को नुकसान पहुंचा है।