बारिश के बीच कठुआ से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा, ब्लैक रेनकोट में नजर आए राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बारिश के बीच ही जम्मू-कश्मीर के कठुआ से अपनी भारत जोड़ो यात्रा शुरू कर दी है। इस दौरान उनके साथ शिवसेना सांसद संजय राउत भी मौजूद हैं।

Updated: Jan 20, 2023, 06:00 AM IST

कठुआ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बारिश के बीच ही जम्मू-कश्मीर में कठुआ के लखनपुर से अपनी भारत जोड़ो यात्रा शुरू कर दी है। इस दौरान वे ब्लैक रेनकोट पहने नजर आए। बारिश और भीषण सर्दी के बाद भी लोगों में उत्साह देखते बन रहा है। शुक्रवार सुबह बारिश में भी हजारों की संख्या में लोग इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ कदमताल करते दिखे।

भारत जोड़ो यात्रा को आम जनता के साथ-साथ अन्य राजनीतिक दलों का भी साथ मिल रहा है। जम्मू कश्मीर के दोनों प्रमुख दल नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी भी इस यात्रा का समर्थन कर रहे हैं। आज जब कठुआ से यह यात्रा शुरू हुई तो शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत भी यात्रा में शामिल हुए हैं। संजय राउत भी राहुल गांधी के साथ पैदल चल रहे हैं। इस अवसर पर संजय राउत ने कहा कि मैं शिवसेना की तरफ से आया हूं। देश का माहौल बदल रहा है और मैं राहुल गांधी को आवाज़ उठाने वाले नेता की तरह देखता हूं। उनके समर्थन में जनसैलाब उमड़ रही है और लोग जुड़ रहे हैं। 

शुक्रवार को राहुल गांधी जम्मू के कठुआ के हठली मोड से चड़वाल तक का करीब 23 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। यात्रा जम्मू के लखनपुर से होते हुए कठुआ, हीरानगर, बनिहाल टनल होते हुए कश्मीर घाटी तक जाएगी। राहुल गांधी श्रीनगर में 30 जनवरी को एक विशाल रैली के साथ यात्रा का समापन करेंगे। यात्रा गुरुवार को जम्मू के कठुआ में प्रवेश हुई थी। आतंकी खतरे की आशंका को देखते हुए कश्मीर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

शुक्रवार सुबह यात्रा शुरू होते वक्त बारिश से बचने के लिए राहुल गांधी को एक काले रंग की रेनकोट दी गई थी। इस यात्रा के दौरान यह पहली बार है कि राहुल गांधी ने टी शर्ट के ऊपर कोई और कपड़ा पहना है। कड़ाके की ठंड में भी राहुल का केवल हाफ टी शर्ट पहनना एक मुद्दा बन गया था। सोशल मीडिया से लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस तक में उनसे सभी लोग सिर्फ एक ही सवाल पूछते कि उन्हें ठंड क्यों नहीं लगती। इसके जवाब में राहुल ने कहा था कि आप ये सवाल जाकर इस देश के मजदूर और किसानों से पूछो।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। पिछले 125 से अधिक दिनों में यह यात्रा देश के 10 राज्यों के 52 से अधिक जिलों से गुजरती हुई जम्मू कश्मीर के कठुआ पहुंची है। यह यात्रा अबतक साढ़े तीन हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर चुकी है।