MP BJP को दो दिन बाद मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी ने जारी किया चुनाव कार्यक्रम

चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक एक जुलाई, मंगलवार को शाम 4.30 बजे से 6.30 बजे तक नामांकन पत्र जमा होंगे। 2 जुलाई को सुबह 11 बजे से 2 बजे के बीच मतदान होगा और दोपहर 2 बजे से मतों की गणना और फिर परिणाम घोषित होंगे।

Updated: Jun 30, 2025, 07:16 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में दो दिन बाद भाजपा को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। पार्टी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। निर्वाचन अधिकारी विवेक सेजवलकर ने सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है।

चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक एक जुलाई, मंगलवार को शाम 4.30 बजे से 6.30 बजे तक नामांकन पत्र जमा होंगे। शाम 6.30 बजे से 7.30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। शाम 7.30 बजे से 8 बजे तक नाम वापसी होगी। रात 8.30 बजे नामांकन पत्रों की अंतिम सूची घोषित की जाएगी। इसके अगले दिन यानी 2 जुलाई को सुबह 11 बजे से 2 बजे के बीच मतदान होगा। 2 जुलाई को दोपहर 2 बजे से मतों की गणना और फिर परिणाम घोषित होंगे।

बीजेपी के 379 मतदाता मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में हिस्सा लेंगे। जारी सूची में 4 सांसद और 17 विधायक भी शामिल हैं। सांसदों में मौजूद प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और वीरेंद्र कुमार खटीक का नाम है।

विधायक प्रतिनिधियों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ला, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, विजय शाह, तुलसी सिलावट, एदल सिंह कंसाना, अजय बिश्नोई, संपतिया उईके, ओमप्रकाश सकलेचा, संजय पाठक, भूपेंद्र सिंह, गोविंद सिंह राजपूत, नारायण सिंह कुशवाहा, मालिनी गौड़ शामिल हैं।

बीजेपी के प्रदेश चुनाव अधिकारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मंगलवार शाम 4 बजे भोपाल पहुंचेंगे। इसके बाद प्रदेश कार्यालय में संगठन चुनाव के अधिकारी विवेक शेजवलकर और धर्मेंद्र प्रधान की मौजूदगी में उम्मीदवार 4.30 बजे से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।