MP में बीज की कमी बता अवैध बीज को मान्यता, दिग्विजय सिंह ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र

दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग किया है कि इस आदेश की उच्च स्तरीय तकनीकी और प्रशासनिक जाँच कराते हुए बीज प्रमाणीकरण संस्था की कार्यप्रणाली को पारदर्शी और उत्तरदायी बनाया जाए।

Updated: Jun 30, 2025, 06:44 PM IST

भोपाल। राज्यसभा सांसद एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखकर राज्य में बीज प्रमाणीकरण संस्था द्वारा जारी किए गए आदेश के विरुद्ध किसान विरोधी आदेशों की उच्चस्तरीय जाँच कराने की मांग की है।

दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि मध्य प्रदेश में बीज प्रमाणीकरण संस्था द्वारा जारी किए गए आदेश (क्रमांक 856) के माध्यम से बीज उत्पादन हेतु तकनीकी और वैधानिक मानकों के प्रतिकूल एक छूट प्रदान की गई है। इस आदेश के तहत, साथी पोर्टल पर पहले जो बीज की श्रेणी अवैध थी, प्रदेश में बीज की कमी दिखाकर उसे ही मान्यता दे दी है। जबकि एफ-2 श्रेणी से उत्पादित सी-1 बीज से अगली पीढ़ी का बीज उत्पादन पूर्णतः अवैध है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आदेश से प्रदेश में बीज गुणवत्ता और किसान हितों को भारी नुकसान पहुँचने की आशंका है। दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग किया है कि इस आदेश की उच्च स्तरीय तकनीकी और प्रशासनिक जाँच कराते हुए बीज प्रमाणीकरण संस्था की कार्यप्रणाली को पारदर्शी और उत्तरदायी बनाया जाए। 

सिंह ने यह कहा कि दोषी अधिकारियों, निजी संस्थाओं और अनियमित लाभार्थियों पर कार्रवाई करने हेतु उचित निर्देश प्रदान करें। दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री से यह भी मांग किया है कि किसानों को गुणवत्ता युक्त प्रमाणिक बीज सुनिश्चित करने हेतु स्पष्ट नीति निर्देश जारी किए जाएँ।