महाराष्ट्र के चंद्रपुर में बड़ा हादसा, रेलवे फुटओवर ब्रिज का बड़ा हिस्सा गिरा, करीब 20 लोग घायल

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में बल्लारशाह रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज का एक हिस्सा ढह गया, इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

Updated: Nov 28, 2022, 06:50 PM IST

चंद्रपुर। महाराष्ट्र के चंद्रपुर ज़िले के बल्लारशाह रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां रेलवे फुटओवर ब्रिज का बड़ा हिस्सा गिर गया। इस हादसे में करीब 20 लोग घायल हैं, जिनमें कई लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

बल्लारशाह स्टेशन के अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि ये हादसा रविवार शाम 4 बजकर 45 मिनट पर हुआ। उस वक़्त काफी लोग फुटओवर ब्रिज से गुजर रहे थे। अचानक ब्रिज टूट गया। अभी तक की जानकारी के मुताबिक हादसे में 20 लोग घायल हुए हैं जिनमें 8 की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें: कटनी में गोल्ड फाइनेंस बैंक में दिनदहाड़े डकैती, बंदूक दिखाकर 16 किलो सोना लूट ले गए बदमाश

हादसे के बाद पुलिस और फायरब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची है। घायल यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बल्लारशाह रेलवे स्टेशन पर काजीपेट पुणे एक्सप्रेस पकड़ने के लिए कई यात्री 1 नंबर प्लेटफार्म से 4 नंबर प्लेटफार्म पर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक इस पुल का एक हिस्सा ढह गया। बता दें कि ब्रिज की उंचाई करीब 60 फिट थी और जिस दौरान ये हादसा हुआ उस समय पुल पर लगभग 80 लोग मौजूद थे।