सोमालिया के पास एक बार फिर जहाज हाईजैक, क्रू मेंबर्स में 15 भारतीय, रेस्क्यू के लिए नौसेना का INS चेन्नई रवाना

भारतीय नौसेना ने बताया कि जहाज ने ब्रिटेन के मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (UKMTO) पोर्टल पर एक संदेश भेजा था। इसमें कहा गया था कि 4 जनवरी की शाम को करीब 5-6 लोग हथियारों के साथ जहाज पर उतरे।

Updated: Jan 05, 2024, 02:57 PM IST

अरब सागर में सोमालिया के तट के पास एक और जहाज हाईजैक कर लिया गया। इस पर 15 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार हैं। मामला 4 जनवरी का है, लेकिन इसकी जानकारी आज शुक्रवार को सामने आई। लाइबेरिया के फ्लैग वाले इस जहाज का नाम लीला नोर्फोर्क है।

भारतीय नौसेना ने बताया कि जहाज ने ब्रिटेन के मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (UKMTO) पोर्टल पर एक संदेश भेजा था। इसमें कहा गया था कि 4 जनवरी की शाम को करीब 5-6 लोग हथियारों के साथ जहाज पर उतरे।

नेवी ने कहा है कि हम मामले पर नजर बनाए हुए है। मर्चेंट वेसल की सुरक्षा के लिए नेवी ने INS चेन्नई को जहाज की तरफ रवाना किया है। मरीन ट्रैफिक के मुताबिक, जहाज ब्राजील के पोर्टो डू एकू से बहरीन के खलीफा बिन सलमान पोर्ट जा रहा था। ये 11 जनवरी को लोकेशन पर पहुंचने वाला था।

इंडियन नेवी ने कहा कि हाईजैक की सूचना मिलते ही एक मैरिटाइम पैट्रोलिंग एयरक्राफ्ट P8I को जहाज की तरफ रवाना किया गया। एयरक्राफ्ट ने तड़के सुबह शिप की लोकेशन पर पहुंचकर क्रू से संपर्क किया है। सभी सुरक्षित हैं। नेवल एयरक्राफ्ट लगातार INS चेन्नई की लोकेशन ट्रैक कर रहे हैं।