मोतिहारी में धुएं के प्रेशर से हुआ चिमनी ब्लास्ट, 8 लोगों की मौत, दो दर्जन के दबे होने की आशंका

रक्सौल के रामगढ़वा थाना क्षेत्र की घटना, चिमनी के भीतर मौजूद थे 50 से 60 मजूदर, धुएं का प्रेशर बढ़ने से ऊपरी हिस्सा टूटा, मलबे में दबने से आठ की मौत।

Updated: Dec 24, 2022, 06:19 AM IST

मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले में एक ईंट भट्टे की चिमनी में ब्लास्ट से अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हैं। जिनका इलाज चल रहा है। वहीं दो दर्ज लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंक है, जिन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

मामला मोतिहारी जिले के रक्सौल के रामगढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत नरीरगीर के पास स्थित ईंट चिमनी भट्ठा का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम इस सीजन में पहली बार चिमनी को शुरू किया गया था। मालिकों की मौजूदगी में आग फूंकी गई थी। इसको लेकर वहां पार्टी रखी गई थी। इसमें शामिल होने के लिए काफी लोग आए थे। चिमनी से धुआं निकलने के बाद सभी काफी खुश थे। अचानक शाम 4:30 बजे जोर की आवाज हुई और चिमनी का बामा (ऊपरी हिस्सा) आधे से टूट कर गिर गया।

चिमनी ब्लास्ट होने की बड़ी वजह ये सामने आई कि पाइप में लकड़ी अधिक जलाने से धुएं का प्रेशर बढ़ा और ब्लास्ट हो गया। इस दौरान लोग कुछ सोच पाते और अपने को बचाव कर पाते तब तक उसके मलबे में कई लोग दब गए। नीचे आग होने के कारण कई लोग जल गए। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। इस हादसे में 25 लोग घायल हुए जिनमें 16 की स्थिति नाजुक है। जबकि दो दर्जन लोगों के फंसे होने की आशंका है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।