कांग्रेस का महाअभियान, कोरोना की जमीनी हकीकत जानने 30 दिनों में 12 करोड़ लोगों से मुलाकात करेंगे कांग्रेसी

आगामी एक महीने में देशभर के 736 जिलों के 7935 कस्बों में कांग्रेस का सर्वे, हर ब्लाक में कोरोना वारियर्स करेंगे लोगों से मुलाकात, कोरोना के दौरान हुई मौतों, रोजगार और अन्य सुविधाओं की लेंगे जानकारी, जरूरतमंदों की करेंगे मदद, विधायक, सांसद और पूर्व जनप्रतिनिधि भी होंगे शामिल

Publish: Jun 15, 2021, 12:26 PM IST

Photo Courtesy: Sunday Guardian
Photo Courtesy: Sunday Guardian

देशभर में कोरोना महामारी का प्रभाव जानने के उद्देश्य से कांग्रेस ने एक देशव्यापी अभियान की शुरुआत की है। इस देशव्यापी सर्वे के माध्यम से कांग्रेस जमीनी स्तर पर लोगों से रूबरु होगी। कांग्रेस आम लोगों के बीच अपनी पैठ बनाने की कोशिश भी करेगी। अगले एक महीने में 3 करोड़ परिवारों के 12 करोड़ लोगों से मिलने का लक्ष्य रखा गया है। आगामी 30 दिनों में कांग्रेस जन 3 करोड़ परिवारों का हाल चाल जानेंगे। एक परिवार में औसतन 4 लोगों की संख्या के हिसाब से 12 करोड़ लोगों से मिलने की टारगेट है। इसके लिए कांग्रेस ने जोर शोर से तैयारियां शुरु कर दी है। कांग्रेस का यह सर्व 736 जिलों के 7935 कस्बों में होगा। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर हर ब्लाक में दस कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर दिया गया है। पिछले डेढ़ साल से कोरोना की मार झेल रही देश की जनता से कांग्रेस कार्यकर्ता मुलाकात कर उनका सुखदुख साझा करेंगे।

कांग्रेसी इस दौरान जनता से कोरोना काल की परेशानियां जानेंगे। वहीं उसके बाद लोगों की मदद भी की जाएगी। लोगों से पूछा जाएगा कि कोरोना काल में कितने लोगों की मौत हुई है, कितने लोगों को नौकरी से हाथ धोना पड़ा है। वहीं पीड़ित परिवारों को किस चीज में मदद चाहिए, राशन, नौकरी, शिक्षा या आर्थिक मदद? इस जैसे कई सवालों की एक प्रश्नावली तैयार की गई है।

इस देश व्यापी अभियान के लिए कांग्रेस महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों को चिट्ठी लिखी है। यह तीन पेज की चिट्ठी है, जिसमें शहरी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से कान्टेक्ट और कम्यूनिकेट करने को कहा गया है। इस अभियान में कांग्रेस कमेटी से पंचायत लेवल तक के नेताओं को शामिल करने के लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान में सभी वर्तमान विधायकों, सांसदों, MLC मेंबर्स के साथ-साथ पूर्व जनप्रतिनिधियों को भी बैठकें करने के निर्देश दिए गए हैं। ये बैठकें प्रत्यक्ष या वर्चुअल भी हो सकती हैं।

  इस योजना के तहत लोगों से संपर्क और सर्वे के बाद जरूरतमंद लोगों को कांग्रेस की ओर से मेडिकल किट, मास्क, सैनेटाइजर बांटा जाएगा। वहीं अत्याधिक गरीब परिवारों को जरुरत के हिसाब से राशन और खाना पहुंचाया जाएगा। वहीं कोरोना वैक्सीनेशन करवाने के लिए रजिस्ट्रेशन में मदद करने की योजना है। इस संपर्क अभियान के लिए हर ब्लॉक में दस कार्यकर्ताओं को कोरोना वॉरियर्स  बनाया जा रहा है। एक कोरोना वारियर को 30 दिनों में रोजाना कम से कम 200 घरों का सर्वे करना है। वहीं कोरोना प्रभावित परिवारों के घरों में स्थानीय कांग्रेस नेता जाएंगे। इस अभियान में मिले आंकड़ों की जानकारी कांग्रेस के डाटा विभाग को भेजा जाएगा। वहीं इसके बाद में कोरोना मृतकों के परिजनों तक कांग्रेस अध्यक्ष का शोक संदेश भी पहुंचाया जाएगा।