महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी का निधन, मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में ली अंतिम सांस

मनोहर जोशी 86 साल के थे। उन्हें कार्डियक अरेस्ट के बाद बुधवार को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था।

Updated: Feb 23, 2024, 09:59 AM IST

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे 86 साल के थे। उन्हें कार्डियक अरेस्ट के बाद बुधवार को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। 

मनोहर जोशी के निधन से महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान में आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले शिवसेना यूबीटी के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे उनका अंतिम दर्शन करने और परिजनों से मिलने पहुंच सकते हैं।

मनोहर जोशी 40 साल से ज्यादा समय तक शिवसेना से जुड़े रहे। वे शिवसेना से महाराष्ट्र के CM बनने वाले पहले नेता थे। उन्होंने एक टीचर के रूप में अपना करियर शुरू किया था और 1967 में पॉलिटिक्स में आए। बालासाहेब ठाकरे से निकट रिश्तों के कारण उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया। वे 1995 से 1999 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद अटल सरकार में वे 2002 से लेकर 2004 तक लोकसभा अध्यक्ष रहे।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूर्व सीएम मनोहर जोशी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। मेरा उनसे व्यक्तिगत संबंध था। महाराष्ट्र के राजनीतिक-सामाजिक, शैक्षणिक क्षेत्र में उनका योगदान कभी नहीं भूला जाएगा। मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

मनोहर जोशी मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रह चुके थे। आज के रणजी ट्रॉफी मैच में (मुंबई बनाम बड़ौदा) मनोहर जोशी को श्रद्धांजलि के तौर पर मुंबई के खिलाड़ी आज 2-2 मिनट का मौन रखने के बाद काली पट्टी पहनेंगे। एमसीए सचिव अजिंक्य नाइक ने इसकी जानकारी दी है।