पंजाब के 5 बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल का निधन, 95 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार को निधन हो गया। वह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मोहाली में उनका इलाज चल रहा था।

Updated: Apr 25, 2023, 09:35 PM IST

मोहाली। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे निधन हो गया। पंजाब के पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल ने 95 वर्ष की उम्र में आखिरी सांस ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक वे मोहाली स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती थे। लंबे समय से बीमार चल रहे शिरोमणि अकाली दल के नेता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बादल के निधन से सियासी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

शिरोमणि अकाली दल (SAD) के संस्थापक प्रकाश सिंह बादल को को सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत के बाद हफ्तेभर पहले मोहाली में फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सोमवार को आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। सोमवार शाम को जारी मेडिकल बुलेटिन में अस्पताल ने कहा था, प्रकाश सिंह बादल अब भी आईसीयू में चिकित्सकों की करीबी निगरानी में हैं। हालांकि, उन्हें बचाया नहीं जा सका।

प्रकाश सिंह बादल का जन्म आठ दिसंबर 1927 को पंजाब के छोटे से गांव अबुल खुराना के जाट सिख परिवार में हुआ था। बठिंडा जिले के बादल गांव में अंतिम संस्कार होगा। बादल पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल उनके बेटे हैं। प्रकाश सिंह बादल ने 2022 में पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ा था। अपने राजनीतिक करियर में पहली बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 

बताया जाता है कि अधिक उम्र के कारण वह ये चुनाव लड़ना नहीं चाहते थे, लेकिन सुखबीर बादल के कहने और पंजाब में अकाली दल की दयनीय स्थिति के बाद प्रकाश सिंह बादल चुनावी मैदान में उतरे थे। प्रकाश सिंह बादल ने साल 1947 में राजनीति शुरू की थी। उन्होंने सरपंच का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। तब वह सबसे कम उम्र के सरपंच बने थे। वहीं, 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने के बाद वह सबसे अधिक उम्र के उम्मीदवार भी बने।