प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज ढहने से 4 मजदूरों की दर्दनाक मौत, कई श्रमिक अब भी फंसे

प्रयागराज में सपा के पूर्व विधायक के कोल्ड स्टोरेज की इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबने से 4 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि, कई अभी भी दबे हैं।

Publish: Mar 23, 2026, 05:19 PM IST

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे एक बड़ा हादसा हो गया। शहर के फाफामऊ थाना क्षेत्र के चंदापुर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज की इमारत अचानक ढह गई। हादसे में अब तक 4 मजदूरों की मौत की पुष्टी हो चुकी है। जबकि, करीब 15 से 20 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। इमारत गिरने के साथ ही अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया जिससे करीब एक किलोमीटर के दायरे में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय कोल्ड स्टोरेज में करीब 100 से 110 मजदूर काम कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक कूलिंग चैंबर में विस्फोट या संरचनात्मक कमजोरी के चलते बिल्डिंग का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के बाद वहां मौजूद मजदूर जान बचाने के लिए बाहर भागे लेकिन कई लोग मलबे के नीचे दब गए। अधिकांश मजदूर बिहार के सासाराम क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें:इंदौर में गिरते रुपए पर सियासी वार, अमिताभ बच्चन के ट्वीट पर 51 हजार का इनाम घोषित

घटना के तुरंत बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य के लिए 5 जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। अब तक मलबे से 4 मजदूरों को बाहर निकाला जा चुका है। जबकि, अन्य को निकालने का अभियान जारी है। अमोनिया गैस के तेज रिसाव और उसकी तीखी गंध के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कत आ रही है। मौके पर मौजूद लोग मुंह पर कपड़ा या गमछा बांधकर काम कर रहे हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया है। प्रशासन के अनुसार, जैसे ही हादसे की सूचना मिली सभी एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गई और राहत कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज भेजा गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर को हिरासत में ले लिया है। यह कोल्ड स्टोरेज समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अंसार अहमद का बताया जा रहा है और करीब 60 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है।

यह भी पढ़ें:भोपाल नगर निगम की बैठक में गोमांस पर जोरदार हंगामा, नेता प्रतिपक्ष और महापौर में हुई तीखी नोंकझोंक