सरकार 3 गुना तेज गति से काम कर रही है, 3 करोड़ घर का लक्ष्य जल्द पूरा होगा, संसद के जॉइंट सेशन में बोलीं राष्ट्रपति
राष्ट्रपति ने कहा कि हमारी सरकार 3 गुना तेज गति से काम कर रही है। आज देश बड़े फैसलों और नीतियों को असाधारण गति से लागू होते देख रहा है। महिलाओं, किसानों और युवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता मिल रही है।

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बजट सत्र के शुरू होने से पहले संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सरकार का रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया। उन्होंने संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए इसरो से लेकर AI टेक्नॉलाजी तक का जिक्र किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि संसद के इस सत्र को संबोधित करते हुए मुझे हार्दिक प्रसन्नता हो रही है। अभी दो माह पहले हमने संविधान को अपनाने की 75वीं वर्षगांठ मनाई है और कुछ दिन पहले ही भारतीय गणतंत्र ने 75वर्षों की यात्रा भी पूरी की है। ये अवसर लोकतंत्र की जननी के रूप में भारत के गौरव को नई ऊंचाई देगा।
राष्ट्रपति मुर्मू ने अभिभाषण की शुरुआत कुंभ हादसे में दुख व्यक्त करते हुए की। उन्होंने कहा कि माननीय सदस्यों इस वक्त महाकुंभ भी चल रहा है। वहां हुए हादसे पर मैं दुख प्रकट करती हूं। राष्ट्रपति ने आगे केंद्र सरकार की योजनाओं की तारीफ की। उन्होंने कहा कि 70 प्लस बुजुर्गों को आयुष्मान का फायदा मिला, छोटे कारोबारियों के लिए लोन लिमिट दोगुनी हुई। साथ ही 3 करोड़ नए घर का लक्ष्य जल्द पूरा होगा।
यह भी पढे़ं: न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व हमारी विरासत का हिस्सा, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर बोलीं राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति ने कहा कि हमारी सरकार 3 गुना तेज गति से काम कर रही है। आज देश बड़े फैसलों और नीतियों को असाधारण गति से लागू होते देख रहा है। महिलाओं, किसानों और युवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता मिल रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों का उचित दाम दिलाने और आय बढ़ाने पर सरकार काम कर रही है। 332 मिलियन टन अनाज उत्पादन हुआ। खरीब-रबी फसलों की एमएसपी में बढ़ोतरी की है। मोटे अनाज की खरीद पर तीन गुना राशि खर्च की गई है। छात्रों को उच्च शिक्षा में सहायता के लिए योजना शुरू की गई। 500 कंपनियों में इन्हें इंटर्नशिप भी दी जाएगी। पेपर लीक को रोकने के लिए नया कानून लागू किया गया है।
राष्ट्रपति ने कहा कि गरीब को गरिमापूर्ण जीवन मिले, इसके लिए हम प्रयासरत हैं। देश के 25 करोड़ लोग गरीबी को परास्त कर आज अपने जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। इन्होंने न्यू मिडिल क्लास का ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार किया जो नई ऊर्जा से भर रहा है। सरकारी कर्मचारियों के सम्माान के लिए आठवें वेतन आयोग के गठन का निर्णय लिया है। केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों के यूनिफाइड पेंशन के तहत 50 फीसदी निश्चित पेंशन देने का फैसला लिया गया है। आज देश के विकास में सबका साथ है इसलिए हम देश के सभी सामर्थ्य का अनुभव कर रहे हैं। इसका लाभ दलित, वंचित और आदिवासी समाज को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि जिस जनजातीय समाज की उपेक्षा होती रही, हमने उसके कल्याण को प्राथमिकता दी। 770 से ज्याद एकलव्य विद्यालयों में आदिवासी बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। 30 नए मेडिकल कॉलेज खोले गए। स्वास्थ्य के लिए 5 करोड़ व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई है। आधुनिक इन्फ्रांस्ट्रक्चर देश को नया आत्म विश्वास देता है। हमने कई माइल स्टोन खड़े किए हैं। 10 साल पहले बुनियादी ढांचे का बजट 2 लाख करोड़ था, अब यह 11 लाख करोड़ से ज्यादा है। डीप वाटर मेगा पोर्ट की बुनियाद रखी गई है। ये दुनिया का टॉप 10 पोर्ट में से एक होगा। उधमपुर, श्रीनगर-बारमुला रेल योजना पूरी हो गई है। देश कश्मीर से कन्याकुमारी तक रेललाइन से जुड़ जाएगा। विश्व का सबसे ऊंचा ब्रिज, रेल केबल ब्रिज बनाया गया है।