अगर 2024 में भाजपा को हराना है तो प्रियंका गांधी को पीएम कैंडिडेट घोषित करे विपक्ष: आचार्य प्रमोद कृष्णम

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने प्रियंका गांधी वाड्रा को लोकप्रिय चेहरा बताते हुए कहा कि पीएम मोदी के सामने एक मजबूत उम्मीदवार की जरूरत है।

Updated: Aug 19, 2023, 06:55 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए सरकार के विरुद्ध विपक्षी दलों ने INDIA गठबंधन का गठन किया है। विपक्ष की ओर से पीएम फेस कौन होगा इस बात को लेकर फिलहाल कोई निर्णय नहीं हुआ है। हालांकि, कांग्रेस नेता आचार्य कृष्णम ने प्रियंका गांधी को पीएम कैंडिडेट बनाने की अपील की है। 

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने तर्क दिया कि पीएम मोदी के खिलाफ एक लोकप्रिय नेता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रियंका गांधी को 2024 के लिए पीएम कैंडिडेट घोषित किया जाए और अगली लड़ाई पूरे देश में मोदी VS प्रियंका गांधी के नाम पर ही हो तो भाजपा की हार तय है। आचार्य प्रमोद ने कहा कि प्रियंका गांधी बेहद लोकप्रिय चेहरा हैं और हमें पीएम मोदी के खिलाफ एक मजबूत उम्मीदवार की जरूरत है।

यह भी पढ़ें: नूंह की तरह MP में भी दंगे कराने की योजना बना रही है बीजेपी, विधिक विमर्श कार्यक्रम में बोले दिग्विजय सिंह

बता दें कि शुक्रवार को ही उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने प्रियंका गांधी और राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया था। अजय राय ने कहा था कि राहुल गांधी अगले लोकसभा चुनाव में अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने साथ ही ये भी कहा था कि प्रियंका गांधी की इच्छा जहां से चुनाव लड़ने की होगी वे वहीं से लड़ेंगी। वे चाहें तो वाराणसी से चुनाव लड़ सकती हैं। अजय राय ने कहा था कि यदि प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ती हैं तो उन्हें जिताने के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता जान लगा देगा।