भोपाल में डीजे की तेज आवाज से 13 साल के बच्चे की मौत, मां चिल्लाती रही पर कम नहीं हुआ साउंड
घटना 14 अक्टूबर की शाम की बताई जा रही है। समर बिल्लौरे (13) मां दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए जा रहे चल समारोह में डीजे पर डांस कर रहा था।

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दुर्गापूजा विसर्जन के दौरान बज रहे डीजे की तेज आवाज की वजह से एक 13 साल के बच्चे समर बिल्लोरे की मौत हो गई। समर साईबाबा नगर में रहता था। त्यौहार के दौरान उसके घर के बाहर डीजे बज रहा था लोगों को नाचते देख मासूम समर भी थिरकने लगा लेकिन इसी शोर में उसके दिल की धड़कन शांत हो गई।
घटना 14 अक्टूबर की शाम की बताई जा रही है। समर बिल्लौरे (13) मां दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए जा रहे चल समारोह में डीजे पर डांस कर रहा था। परिवार का आरोप है कि जैसे ही डीजे का साउंड तेज हुआ समर बेहोश हो गया। मां मदद के लिए चिल्लाती रहीं, लेकिन डीजे वाले ने साउंड कम नहीं किया। बच्चे को नजदीकी अस्पताल लेकर गए। जहां उसकी मौत हो गई। समर सेंट जोसफ स्कूल में पांचवीं का छात्र था।
परिवार के लोगों ने बताया कि चल समारोह में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। लोग घर के बाहर नाच रहे थे। समर भी तेज साउंड सुनकर भीड़ में शामिल हो गया और नाचने लगा। तभी अचानक गिर गया। जबकि बाकी लोग नाचते रहे। बेटे काे ऐसी हालत में देखकर मां जमुना देवी मदद के लिए चिल्लाती रहीं। लेकिन घटना के बाद भी डीजे वाले ने डीजे बंद नहीं किया।
अब सवाल ये है कि जब डीजे को लेकर नियम तय हैं तो फिर उसका पालन क्यों नहीं होता? ये हालत तब है जबकि मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद मोहन यादव ने जिस पहली फाइल पर दस्तखत किए थे वो है डीजे से होने वाले शोर से संबंधित ही थी।