राजौरी में LOC पर पाकिस्तानी फायरिंग सेना के दो जवान शहीद

पाकिस्तान ने लगातार दूसरे दिन भी किया सीज़फायर का उल्लंघन, राजौरी में सेना के दो जवान हुए शहीद

Updated: Nov 28, 2020, 12:05 AM IST

Photo Courtesy: Jagran
Photo Courtesy: Jagran

पाकिस्तान ने एक बार फिर लाइन ऑफ कंट्रोल पर सीजफायर का उल्लंघन किया है। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में पाकिस्तान की ओर से भारी गोलीबारी में सेना के दो जवान शहीद हो गए। जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। पाकिस्तान ने शुक्रवार सुबह अखनूर के इलाके में भारतीय चौकियों को निशाना बनाया, जिसकी चपेट में आने से तीन जवान घायल हो गए थे।

तीनों जवानों को सेना के अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां दो जवानों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शहीद जवानों के नाम नायक प्रेम बहादुर खत्री और राइफलमैन सुखबीर सिंह हैं। घायल जवान का इलाज अखनूर के सैनिक अस्पताल में जारी है। शहीद नायक प्रेम बहादुर खत्री यूपी के महाराजगंज जिले के गांव सरोजिनी नगर के रहने वाले थे। वहीं राइफलमैन सुखबीर सिंह पंजाब के तरनतारन हलके के गांव ख्वासपुरा के थे।  

रक्षा मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार को राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में अंधाधुंध गोलीबारी की थी। भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तान को करारा जवाब दिया जा रहा है। पाकिस्तान ने गुरुवार की दोपहर में भी पुंछ जिले के किरनी और शाहपुर में छोटे हथियारों से गोलाबारी की थी। जिसमें सेना के सूबेदार स्वतंत्र सिंह शहीद हुए थे। इस गोलाबारी में इलाके का एक नागरिक घायल हो गया था। वहीं श्रीनगर के एचएमटी चौक में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी हमले में भी सेना के दो जवान शहीद हो गए थे।