नेहरू सबसे ऊंचे हैं और ऊंचे ही रहेगें, आप नीचे हैं और नीचे ही रहेगें, पीएम मोदी पर बरसे मल्लिकार्जुन खड़गे
विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान 'वंदे मातरम' को नारा बनाने का काम किया। आपका इतिहास रहा है कि आप हमेशा स्वतंत्रता संग्राम और देशभक्ति गीतों के खिलाफ रहे।
नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र 2025 में आज मंगलवार को राज्यसभा में भी राष्ट्रगीत वंदे मातरम पर चर्चा की गई। चर्चा की शुरुआत सत्ता पक्ष की तरफ से अमित शाह ने की। वहीं, सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने भारतीय जनता पार्टी को जवाब दिया। खड़गे ने इस दौरान पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि नेहरू सबसे ऊंचे हैं और ऊंचे ही रहेगें, आप नीचे हैं और नीचे ही रहेगें।
मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि जब 1921 में असहयोग आंदोलन के दौरान उनकी पार्टी के नेता 'वंदे मातरम' का नारा लगाते हुए जेल में बंद थे, तब बीजेपी की विचारधारा वाले पहले के लोग अंग्रेजों के लिए काम कर रहे थे। वंदे मातरम पर बहस में हिस्सा लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी ने आजादी की लड़ाई के दौरान 'वंदे मातरम' का नारा बनाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि आपका (बीजेपी) इतिहास रहा है कि आप हमेशा आजादी की लड़ाई और देशभक्ति के गानों के खिलाफ रहे हैं। जब महात्मा गांधी ने 1921 में असहयोग आंदोलन शुरू किया, तो कांग्रेस के लाखों स्वतंत्रता सेनानी 'वंदे मातरम' का नारा लगाते हुए जेल गए। आप क्या कर रहे थे? उस समय आप अंग्रेजों के लिए काम कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जवाहरलाल नेहरू का अपमान करने का कोई मौका नहीं छोड़ते।
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आप नेहरू जी के नाम को नीचा करना चाहते हैं पर वो सबसे ऊंचे हैं और ऊंचे ही रहेगें और आप नीचे हैं और नीचे ही रहेगें। पीएम मोदी जी को देश से माफी मांगनी चाहिए। आजादी के लिए जान देने वाले लोगों, जेल में रहने वाले महापुरुषों का अपमान कर रहे हैं। आपने देश की आजादी की लड़ाई भी नहीं लड़ी। हम आजादी लेकर आए। आप संविधान को मानने वाले नहीं हैं। हमसे कहते हैं कि आपने क्या किया। क्या आपके घर में नौकरी करना है? हमने जो किया देश के लिए किया।
खड़गे ने आगे कहा कि हमारे पड़ोसी देशों में चीन का प्रभाव बढ़ रहा है, हमारा प्रभाव घट रहा है। आपकी 56 ईंच की छाती तो रहने दो, आपकी छाती का देश को फायदा क्या हुआ? चीन के खिलाफ एक शब्द नहीं बोल सकते। आपके विदेश मंत्री स्वीकार कर चुके हैं कि भारत अभी छोटी अर्थव्यवस्था है और चीन का मुकाबला नहीं कर सकते। पीएम ने खुद 19 जून 2020 को क्लीनचिट दी ती और कहा था कि न कोई घुसा है और न ही कोई घुस आया है।




