26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड निकालेंगे किसान, एक लाख किसान हो सकते हैं शामिल

कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठन गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड निकालेंगे, परेड में 50 किलोमीटर की यात्रा तय की जाएगी

Updated: Jan 18, 2021, 04:48 AM IST

Photo Courtesy: Amar Ujala
Photo Courtesy: Amar Ujala

नई दिल्ली। केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों ने तय किया है कि वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर हर हाल में देश की राजधानी दिल्ली में ट्रैक्टर परेड निकालेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से योगेंद्र यादव ने इस बात का ऐलान किया है। योगेंद्र यादव के मुताबिक 26 जनवरी को किसान दिल्ली के आउटर रिंग रोड पर ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे। यह यात्रा दिल्ली के नेहरू प्लेस, मुनिरका, जनकपुरी और टिकरी हो कर गुजरेगी। यह ट्रैक्टर यात्रा करीबन 50 किलोमीटर का सफ़र तय करेगी।

शांतिपूर्ण होगा प्रदर्शन 

योगेंद्र यादव ने कहा है कि किसानों का यह ट्रैक्टर मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा। लिहाजा किसानों को उम्मीद है कि दिल्ली और हरियाणा पुलिस इस मार्च में किसी तरह की बाधा और समस्या उत्पन्न नहीं करेगी। किसान नेताओं ने भी कहा है कि मार्च में किसान किसी भी तरह के हथियार के साथ प्रदर्शन नहीं करेंगे। इसके साथ ही किसी भी सरकारी भवन को क्षति नहीं पहुंचाई जाएगी। 

योगेंद्र यादव ने भी कहा है कि रिपब्लिक डे के अवसर पर राजपथ पर होने वाली परेड को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। योगेंद्र यादव ने कहा कि गणतंत्र दिवस की परेड हमारी राष्ट्रीय अस्मिता की पहचान हैं और इसमें कोई अड़चन नहीं डाली जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के मार्च में हर गाड़ी के ऊपर तिरंगा झंडा लगाया जाएगा। किसी भी राजनीतिक दल का झंडा परेड में शामिल नहीं होगा।

एक लाख किसान हो सकते हैं शामिल 

दिल्ली में होने वाली किसानों की परेड में हज़ारों की संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि न्यूज़ एजेंसी एएनआई को एक किसान ने बताया है कि परेड में शामिल होने के लिए लुधियाना से भी किसान पहुंच रहे हैं। इसमें करीब एक लाख किसान शामिल होंगे।