महाराष्ट्र में बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 112 लोगों की मौत की हुई पुष्टि, 90 से ज्यादा लोगों की तलाश जारी

सबसे ज्यादा 52 मौतों की पुष्टि रायगढ़ ज़िले में हुई है, जबकि 99 लोग लापता बताए जा रहे हैं

Publish: Jul 25, 2021, 04:57 AM IST

मुंबई। महाराष्ट्र में बाढ़ और भूस्खलन ने कई ज़िंदगियां एक झटके में छीन ली हैं। आपदा के कारण अब तक 112 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। सबसे ज्यादा 52 मौतें रायगढ़ ज़िले में हुई हैं। अभी भी 90 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। 

रायगढ़ में 52 मौतों के अलावा रत्नागिरी में 21, सतारा में 13, ठाणे में 12, कोल्हापुर में 4, सिंधुदुर्ग में दो और पुणे में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। अभी भी राहत बचाव कार्य टीम लापता लोगों को तलाशने में जुटी हुई है। अनुमान के मुताबिक अभी तक कुल 99 लोग लापता हैं।

आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को राज्य सरकार ने पांच पांच लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। जबकि प्रधानमंत्री राहत कोष से लोगों को दो दो लाख रुपए देने की घोषणा की गई है। 

वहीं दूसरी तरफ राहत बचाव कार्य लगातार जारी है। लापता लोगों को ढूंढने का प्रयास युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक एक लाख 35 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा चुका है।