माँ जगदम्बा सभी का जीवन सुख-शांति से परिपूर्ण करें, दिग्विजय सिंह ने देशवासियों को दी महानवमी की शुभकामनाएं
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि जगतजननी आदिशक्ति मां सिद्धिदात्री आप सबके जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का संचार करें।

नई दिल्ली/भोपाल। नवरात्रि का हर दिन माता दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों को समर्पित होता है। नौ दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व का समापन महानवमी पर होता है, जिसे बहुत ही शुभ और मंगलकारी माना जाता है। इस बार महानवमी आज यानी 1 अक्टूबर, बुधवार के दिन मनाई जा रही है। महानवमी पर राजनीतिक जगह के दिग्गजों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी है।
कांग्रेस के वरिष्ठ राज्यसभा सांसद व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने देशवासियों को शुभकामना देते हुए कहा कि माँ जगदम्बा सभी का जीवन सुख-शांति से परिपूर्ण करें। उन्होंने एक एक्स पोस्ट में लिखा, 'समस्त देशवासियों को माँ भगवती की नौवीं स्वरूपा "माँ सिद्धिदात्री" जी की उपासना के पर्व 'महानवमी' की हार्दिक शुभकामनाएं। आदिशक्ति माँ जगदम्बा सभी का जीवन सुख, शांति, सौहार्द एवं धन-धान्य से परिपूर्ण करें। जय माता दी।'
वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लिखा है कि, 'शारदीय नवरात्रि महानवमी के पावन अवसर पर आप सबको हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।जगतजननी आदिशक्ति मां सिद्धिदात्री आप सबके जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का संचार करें। जय माता दी।'
राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री व कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने देशवासियों के नाम शुभकामना संदेश में लिखा, 'महानवमी के पावन अवसर की हार्दिक शुभकामनाएं। मां दुर्गा के आशीर्वाद से आप सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, उन्नति और खुशहाली आए, यही मेरी मंगलकामना है।'
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी महानवमी के अवसर पर देशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'सिद्ध गन्धर्व यक्षाद्यैरसुरैरमरैरपि। सेव्यमाना सदा भूयात् सिद्धिदा सिद्धिदायिनी॥ महानवमी पर मां सिद्धिदात्री को कोटि-कोटि वंदन। सिद्धियों और सिद्धांतों की अधिष्ठात्री मां का यह स्वरूप भक्तों को पूर्णता, ज्ञान और आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान करता है। मां की कृपा से हम सभी का जीवन सफल, संतुलित और परम शांति से परिपूर्ण हो। कामना है कि उनकी कृपा से साधक को भौतिक और आध्यात्मिक दोनों जगत की परिपूर्णता प्राप्त हो। मां सिद्धिदात्री सभी भक्तों की मनोकामना को पूर्ण करें।'
महानवमी पर मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की जाती है। मान्यताओं के अनुसार, मां सिद्धिदात्री अपने भक्तों को सिद्धियां और आशीर्वाद प्रदान करती हैं। इस दिन की गई साधना, व्रत और भक्ति का विशेष फल मिलता है। यही कारण है कि नवरात्रि के नौवें दिन का महत्व और भी अधिक बढ़ जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां सिद्धिदात्री भक्ति से प्रसन्न होकर श्रद्धालुओं पर अपनी कृपा बरसाती हैं। शास्त्रों में उल्लेख है कि भगवान शिव को भी माता की कृपा से ही सर्व सिद्धियां प्राप्त हुई थीं।