छिंदवाड़ा में केबल चोरी के शक में तीन युवकों की सरेआम पिटाई, गले में केबल डालकर निकाला जुलूस
छिंदवाड़ा में केबल चोरी के शक में तीन युवकों के गले में तार बांधकर सरेआम घुमाया गया। भीड़ ने युवकों की लात-घूंसों और चप्पलों से बेरहमी से पिटाई भी की।
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से कानून व्यवस्था और भीड़ की हिंसा पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। जिले के परासिया थाना क्षेत्र स्थित इकलहरा में केबल चोरी के संदेह में तीन युवकों को पकड़कर पहले उनके साथ मारपीट की गई फिर उनके गले और कंधों पर केबल के बंडल डालकर पूरे इलाके में घुमाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग युवकों को चप्पलों, लात-घूंसों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। मौके पर वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के कुछ सुरक्षाकर्मी भी नजर आ रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना बुधवार को इकलहरा टाउनशिप के पेंच क्षेत्र में स्थित बंद पड़े फिल्टर प्लांट परिसर से जुड़ी है। वहां से लगातार केबल चोरी होने की शिकायतें मिल रही थी। हाल ही में हुई एक और चोरी के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। वीडियो में तीन संदिग्ध युवक दिखाई देने का दावा किया गया। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया।
यह भी पढ़ें:उज्जैन के मंदिर में 11 अगस्त को मनेगा स्वतंत्रता दिवस, वैदिक पंचांग के आधार पर पुजारियों का ऐलान
परासिया थाना प्रभारी निरीक्षक खेमचंद पटेल ने बताया कि पूछताछ के दौरान मौजूद लोगों ने कानून अपने हाथ में ले लिया। तीनों युवकों के गले और कंधों पर चोरी किए गए केबल के बंडल डाल दिए गए और उन्हें पूरे क्षेत्र में घुमाया गया। इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई। पुलिस का कहना है कि केबल चोरी के आरोपों की अलग से जांच की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। डब्ल्यूसीएल की इकलहरा टाउनशिप के प्रबंधक विक्रम मालवी ने बताया कि बंद पड़े परिसर से लोहे के केबल लगातार चोरी हो रहे थे। इस संबंध में पहले भी पुलिस को कई बार सूचना दी जा चुकी थी लेकिन चोरी की घटनाएं पूरी तरह नहीं रुकी थी।
वहीं, बड़कुही पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई रामविलास तिवारी ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता होने की जानकारी मिली है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत प्राप्त होती है तो पुलिस नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करेगी। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है तथा उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:थाईलैंड के स्कूल में छात्र ने की अंधाधुंध फायरिंग, शिक्षक समेत 8 की मौत और कई घायल




