ऑस्कर फर्नांडिस को अंतिम विदाई देने पहुंचे राहुल गांधी, पत्नी से मिलकर हुए भावुक

बेंगलुरु स्थित सैंट पैट्रिक चर्च में दिग्गज नेता ऑस्कर फर्नांडिस के लिए हुई फाइनल ब्लेसिंग प्रेयर, राहुल गांधी भी हुए शामिल, परिजनों को राहुल ने बंधाया ढांढस

Updated: Sep 16, 2021, 12:55 PM IST

बेंगलुरु। कांग्रेस के दिग्गज नेता व गांधी परिवार के विश्वसनीय ऑस्कर फर्नांडिस को आज अंतिम विदाई दी गई। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित सैंट पैट्रिक चर्च में दिवंगत आत्मा के लिए फाइनल ब्लेसिंग्स प्रेयर के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए। 

अपने करीबी सहयोगी की अंतिम विदाई के दौरान राहुल गांधी बेहद भावुक दिखे। राहुल को देखकर ऑस्कर फर्नांडिस की पत्नी रोने लगीं, जहां राहुल उन्हें ढांढस बंधाते दिखे। बता दें कि बीते मंगलवार को ऑस्कर फर्नांडिस का निधन हो गया था। इस दौरान राहुल ने शोक व्यक्त करते हुए कहा था कि यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। राहुल ने लिखा था कि ऑस्कर फर्नांडिस मेरे अलावा कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं के लिए एक मार्गदर्शक और मेंटर थे। उनकी हमेशा कमी खलेगी। 

ऑस्कर फर्नांडिस इसी साल जुलाई महीने में चोटिल भी हो गए थे। कांग्रेस नेता को योग करते समय चोट लग गई थी। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑस्कर फर्नांडिस पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के संसदीय सचिव रहे थे। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पहले कार्यकाल में वे श्रम एवं रोज़गार मंत्री रहे थे। वहीं दूसरे कार्यकाल में वे परिवहन मंत्री बने।

यह भी पढ़ें: सोशल एक्टिविस्ट हर्ष मंदर के घर ED का छापा, केंद्र की नीतियों के खिलाफ रहे हैं मुखर

ऑस्कर फर्नांडिस कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष भी रह चुके थे। वे राहुल और सोनिया गांधी के सबसे करीबी नेताओं में से थे। ऑस्कर फर्नांडिस ने 1980 में कर्नाटक की उदिपी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था और चुनाव जीत कर वे संसद पहुंचे थे। इसके बाद ऑस्कर फर्नांडिस 1996 तक लगातार इसी सीट से चुनाव जीतते रहे। इसके बाद 1998 में वे राज्यसभा के ज़रिए संसद पहुंचे। 2004 में वे दोबारा राज्यसभा में चुने गए।