मकर संक्रांति पर दिल्ली के रिठाला पहुंचे राहुल गांधी, पूर्वांचलियों के साथ खाया दही-चुरा
दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने भी प्रचार-प्रसार का जोरदार आगाज किया है। राहुल गांधी ने सोमवार को सीलमपुरी में आप और बीजेपी पर निशाना साधा।

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो रही है। विधानसभा चुनाव में अब सिर्फ तीन हफ्ते का वक्त बाकी है। ऐसे में भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पूरी ताकत झोकती नजर आ रही है। सोमवार 13 जनवरी को राहुल गांधी ने सीलमपुर में जनसभा को संबोधित कर दिल्ली में कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत की थी। सीलमपुर के बाद राहुल गांधी आज दिल्ली की रिठाला विधानसभा पहुंचे। जहां उन्होंने लोगों के बीच जाकर मकर संक्रांति का पर्व मनाया।
मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली के रिठाला विधानसभा पहुंचकर महिलाओं और बच्चों के साथ दही-चूड़े की थाली का स्वाद चखा। राहुल गांधी ने लोगों को मकर संक्रांति की बधाई दी। काफी देर तक राहुल गांधी ने लोगों से अनधिकृत कालोनियों समेत विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर बातचीत की। रिठाला विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी ने सुशांत मिश्रा को टिकट दिया है। जबकि इस सीट पर आम आदमी पार्टी के टिकट पर मोहिंदर गोयल और भाजपा के टिकट पर कुलवंत राणा मैदान में हैं।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आज दिल्ली के रिठाला क्षेत्र का दौरा किया और अरविंद केजरीवाल द्वारा किए गए दिल्ली को चमकाकर पेरिस जैसा बनाने के वादे की पोल खोल दी। राहुल गांधी ने भरे हुए सीवर, बहती नालियां और बेहिसाब गंदगी पर तंज कसते हुए कहा कि ये है केजरीवाल जी की ‘चमकती’ दिल्ली - पेरिस वाली दिल्ली! वहीं कांग्रेस पार्टी ने कहा कि हमारा वादा है- दिल्ली वासियों को उनकी साफ-सुथरी और प्यारी दिल्ली लौटाएंगे। हमने किया था, फिर कर दिखाएंगे।
सीलमपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि केजरीवाल सत्ता में आए और कहा कि दिल्ली साफ कर दूंगा, भ्रष्टाचार मिटा दूंगा, पेरिस बना दूंगा। अब हालात ऐसे हैं कि भयानक प्रदूषण है। लोग बीमार रहते हैं। लोग बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। जैसे मोदी झूठे वादे और प्रचार करते हैं, वैसे ही झूठे वादे केजरीवाल करते हैं। इन दोनों में कोई फर्क नहीं है।