शरद पवार की अचानक बिगड़ी तबियत, पुणे के रूबी अस्पताल में कराया गया एडमिट
बारामती में सोमवार सुबह डॉक्टरों ने पावर के स्वास्थ्य की जांच की। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पुणे में भर्ती होने की सलाह दी गई।
पुणे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के संस्थापक और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम शरद पवार की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें पुणे के रूबी हॉल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 28 जनवरी को भतीजे अजित पवार की प्लेन क्रैश में मौत के बाद से वह बारामती में थे। पवार ने अंतिम संस्कार के कार्यक्रमों के बाद भी पारिवारिक बैठकों में सक्रिय थे लेकिन उनका स्वास्थ्य बिगड़ने पर पुणे लाया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक 83 वर्षीय शरद पवार की कई दिनों तबीयत पूरी तरह से ठीक नहीं थी। डॉक्टरों ने उन्हें पुणे में एडमिट होने की सलाह दी। इसके बाद उन्हें पुणे में भर्ती कराया गया है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार सोमवार सुबह बारामती स्थिति गोविंदबाग में शरद पवार की तबीयत की जांच की गई। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें पुणे में भर्ती होने की सलाह दी। इसके बाद शरद पवार दोपहर में पुणे के लिए रवाना हुए।
पवार के काफिले के साथ एहतियात के तौर पर उनके साथ कार्डियक सुविधाओं वाली एम्बुलेंस भी थी। पारिवारिक सूत्रों ने मीडिया को बताया कि पवार को लगातार खांसी और बलगम की शिकायत है, जिससे उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है। सुरक्षा मास्क पहनकर वह एक अलग गाड़ी में यात्रा कर रहे थे, जबकि मेडिकल सपोर्ट स्टैंडबाय पर था।
बता दें कि 28 जनवरी को अजित पवार की प्लेन हादसे में मौत के बाद शरद पवार बारामती में ही थे। इस हादसे के बाद तमाम बड़ी हस्तियां बारामती पहुंची थीं। पवार ने सभी से मुलाकात की थी। संसद के बजट सत्र को अटेंड करने के लिए पवार दिल्ली नहीं आए थे। सुप्रिया सुले ही बारामती से रवाना हुई थीं। शरद पवार ने अजित पवार के स्मारक पर निर्णय के लिए विद्या प्रतिष्ठान में एक बड़ी बैठक भी ली थी।
बहरहाल, डॉक्टरों की एक विशेष टीम पवार की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उन्हें फिलहाल आराम करने की सलाह दी गई है। उनकी उम्र और राजनीतिक व्यस्तता को देखते हुए डॉक्टर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। शरद पवार के परिवार के सदस्य भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। पुणे के अस्पताल के बाहर सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।




