IND VS SA: इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबला आज, अभिषेक के परफॉर्मेंस पर होगी सबकी निगाहें

टी20 विश्व कप के सुपर-8 मुकाबले में रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने होंगे। लगातार चार जीत के बाद टीम इंडिया आत्मविश्वास से भरी है। जबकि, मजबूत अफ्रीकी गेंदबाजी चुनौती पेश करेगी।

Updated: Feb 22, 2026, 12:55 PM IST

अहमदाबाद। टी20 विश्व कप के सुपर-8 चरण में रविवार को डिफेंडिंग चैंपियन भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। ग्रुप स्टेज में लगातार चार जीत दर्ज कर खिताब बचाने की अपनी दावेदारी मजबूत कर चुकी टीम इंडिया अब टूर्नामेंट की सबसे कठिन चुनौतियों में से एक से गुजरने जा रही है। इस मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा की बदली हुई बल्लेबाजी रणनीति की भी परीक्षा होगी। दोनों बल्लेबाज आक्रामक शॉट्स की जगह परिस्थितियों के मुताबिक संयमित खेल पर जोर दे रहे हैं।

भारतीय टीम ने अब तक संतुलित प्रदर्शन किया है लेकिन दक्षिण अफ्रीका का मजबूत गेंदबाजी आक्रमण उसे कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है। कागिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, मार्को यानसन और स्पिनर केशव महाराज जैसे गेंदबाज किसी भी बल्लेबाजी क्रम को दबाव में डालने की क्षमता रखते हैं। जबकि, कप्तान एडन मार्क्रम की ऑलराउंड भूमिका टीम को अतिरिक्त मजबूती देती है। पिछले दो महीनों में दोनों टीमों के बीच यह छठी भिड़ंत होगी जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प होने की संभावना है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि अहम मुकाबले में कौन सी टीम परिस्थितियों का बेहतर इस्तेमाल करती है।

मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा जहां की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है। यहां अच्छा उछाल मिलने के कारण गेंद आसानी से बल्ले पर आती है और बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। हालांकि, तेज गेंदबाजों को शुरुआती मदद मिल सकती है लेकिन कुल मिलाकर यह मैदान रन बनाने के लिए मुफीद माना जाता है। इस मैदान पर अब तक खेले गए 15 टी20 मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 10 मैच जीते हैं। जबकि, लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को पांच बार सफलता मिली है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर लगभग 173 रन रहा है। जिसकी वजह से हाई स्कोरिंग मुकाबले की संभावना मजबूत हो गई है।

मौसम भी मैच में किसी तरह की बाधा डालता नजर नहीं आ रहा। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अहमदाबाद में दिन के समय गर्मी रहेगी। सुबह तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है जो दोपहर तक 36 डिग्री तक पहुंच सकता है। शाम होते-होते तापमान लगभग 26 डिग्री तक गिरने का अनुमान है। सबसे राहत की बात यह है कि बारिश की कोई संभावना नहीं है और मैच बिना रुकावट पूरे होने की उम्मीद है।

भारतीय टीम में कप्तान सूर्यकुमार यादव के अलावा ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। टीम संयोजन में संजू सैमसन, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर और अर्शदीप सिंह भी विकल्प के तौर पर मौजूद हैं।  

दक्षिण अफ्रीका की टीम भी संतुलित नजर आती है। कप्तान एडन मार्क्रम के साथ क्विंटन डीकॉक, रयान रिकलटन, डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे। जबकि, मार्को यानसन, कागिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी और केशव महाराज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे। इसके अलावा एनरिक नार्किया, कॉर्बिन बॉश, क्वेना मफाका, जॉर्ज लिंडे और जेसन स्मिथ जैसे खिलाड़ी टीम को अतिरिक्त गहराई देते दिखाई दे सकते हैं।

कुल मिलाकर यह मुकाबला सिर्फ सुपर-आठ का एक मैच नहीं, बल्कि टूर्नामेंट की दिशा तय करने वाला अहम संघर्ष माना जा रहा है, जहां भारत की स्थिरता और दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाजी के बीच असली टक्कर देखने को मिल सकती है।