इटारसी–पथरोटा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी तेज रफ्तार कार, 3 युवकों की मौत

इटारसी-पथरोटा मार्ग पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार नहर में गिरने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। सेंट्रल लॉक होने के कारण वे गाड़ी से बाहर नहीं निकल सके और डूब गए।

Updated: Feb 07, 2026, 02:00 PM IST

इटारसी। इटारसी-पथरोटा मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में तीन युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पथरोटा की बड़ी नहर की रेलिंग तोड़ते हुए गहरे पानी में जा गिरी। कार में सवार तीनों युवक बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते रहे लेकिन वाहन लॉक होने और नहर की गहराई के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान रैसलपुर निवासी लकी पटेल (30), खीरपानी निवासी शिवम तिवारी (26) और पुरानी इटारसी के जयप्रकाश नगर निवासी अभय उर्फ अभि चौहान (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय लकी पटेल कार चला रहा था।

यह भी पढ़ें:पटना पुलिस ने आधी रात सांसद पप्पू यादव को किया गिरफ्तार, तबियत बिगड़ने के बाद PMCH में भर्ती

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इटारसी की ओर से आ रही ग्रे रंग की कार अचानक पुल की रेलिंग से जा टकराई और सीधे नहर में गिर गई। घटना के दौरान कार सवार युवक अंदर से शीशे खोलकर बाहर निकलने का प्रयास करते दिखाई दिए और मदद के लिए चिल्लाते भी रहे लेकिन कार के दरवाजे लॉक हो गए। इस बीच एक स्थानीय युवक ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए नहर में छलांग लगाकर उन्हें बचाने की कोशिश की मगर तेज बहाव और गहराई के कारण वह सफल नहीं हो सका।

सूचना मिलते ही इटारसी और पथरोटा पुलिस मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए नर्मदापुरम से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित के नेतृत्व में करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार को नहर से बाहर निकाला गया। जब वाहन के दरवाजे खोले गए तब तीनों युवक मृत अवस्था में मिले। एसडीआरएफ टीम को कार के शीशे तोड़ने की कोशिश के निशान भी मिले जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक अंतिम समय तक बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते रहे होंगे।

यह भी पढ़ें:आधार अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, भोपाल में सुरक्षा गार्ड के खाते से ठगों ने उड़ाए 55 हजार रुपए

परिजनों के मुताबिक, तीनों युवक कार से सिवनी मालवा गए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ। मृतक शिवम तिवारी के पिता महेश तिवारी ने बताया कि शिवम उनका बड़ा बेटा था। उन्हें हादसे की जानकारी शनिवार सुबह करीब छह बजे मिली। उस समय वे एक शादी समारोह में शामिल थे।

अभय उर्फ अभि चौहान के पिता राकेश चौहान ने बताया कि रात में अभि से फोन पर बात हुई थी। उसने बताया था कि वह कार से घर लौट रहा है। अभि ने अपनी मां से खाने को लेकर भी बातचीत की थी और लकी को घर साथ लाने की बात कही थी। इसके बाद रात से उसका मोबाइल बंद हो गया और सुबह हादसे की सूचना मिली। अभि परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन है।

यह भी पढ़ें:U-19 World Cup: हरारे में भारत ने रचा इतिहास, खिताबी जंग में इंग्लैंड को 99 रनों से शिकस्त दी

वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले लकी पटेल के परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूटा हुआ है। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। जबकि, कुछ साल पहले बड़े भाई की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई थी। परिवार में दो बहनें हैं जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। जबकि, दूसरी अविवाहित है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।